बालक चौक से आमापारा सड़क पर कंही भी खड़ी रहती है दुपहिया, चारपहिया व मालवाहक वाहने
त्यौहारी सीजन में बेहतरतीब पार्किंग बन रहा बदहाल यातायात का कारण

सदर से घड़ी चौक मुख्य मार्ग के यातायात दबाव को कम करती आमापारा वैकल्पिक मार्ग, लेकिन व्यवस्था सुधारने नहीं दिया जा रहा ध्यान
धमतरी। शहर के भीतरी इलाकों में सबसे व्यस्त और प्रमुख मार्ग सदर बाजार से घड़ी चौक है। इस मार्ग में बढ़े यातायात के दबाव को आमापारा मार्ग कम करता है और वैकल्पिक मार्ग के रुप में उपयोग होता है लेकिन इस मार्ग में यातायात को व्यवस्थित करने ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिससे इस मार्ग में समस्या बढ़ती जा रही है।

बता दे कि बालक चौक से आमापारा चौक तक कई दुकाने व्यापारिक प्रतिष्ठाने, धर्मशाला, मंदिर भी स्थित है। साथ ही यह क्षेत्र रिहायशी भी है। ऐसे में इस मार्ग में आवागमन हमेशा बना रहता है। यह मार्ग गोल बाजार के पीछे स्थित है। घड़ी चौक से बालक चौक होते हुए आमापारा मार्ग पर यातायात डायवर्ट भी होता है। इसलिए यह शहर का सबसे महत्वपूर्ण सहायक मार्ग है। लेकिन इस मार्ग में विशेषकर बालक चौक से आमापारा चौक तक यातायात व्यवस्था भगवान भरोसे हो गई है। यहां सड़क पर कंही भी लोग अपनी वाहन खड़ी कर देते है। नतीजन मार्ग सकरा हो जाता है और यातायात धीमा हो जाता है। बालक चौक से आमापारा चौक तक सड़क पर दुपहिया के साथ ही ई-रिक्शा चार पहिया और माल वाहने भी खड़ी रहती है। यह मार्ग भी व्यस्त रहता है। ऐसे मे कई बार यहां भी यातायात जाम की स्थिति बनती है। वर्तमान में दीपावली पर्व को ज्यादा दिन शेष नहीं रह गया है। बाजार में भीड़ बढऩे लगी है। ऐसे में त्यौहारी सीजन में यहां अव्यवस्था लोगों की परेशानी और यातायात जाम का कारण बनने लगा है। इसलिए यातायात पुलिस को इस ओर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। यातायात पुलिस द्वारा इस मार्ग पर पैदल पेट्रोलिंग कर बेतरतीब खड़े वाहनों पर समझाईश व कार्रवाई की जाये तो व्यवस्था व्यवस्था में सुधार हो सकता है। साथ ही सड़क पर खड़े चार पहिया वाहनों को हटाया जाये। मालवहकों के प्रवेश का समय निर्धारित हो या लोडिंग अनलोडिंग का समय निर्धारित हो तो इससे काफी हद तक राहत मिलेगी।
”बालक चौक से आमापारा चौक मार्ग में यातायात सुगम व व्यवस्थित हो इस दिशा में प्रयास किया जायेगा। त्यौहारी सीजन में कही भी यातायात अव्यवस्थित न हो इस ओर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ÓÓ
मणीशंकर चन्द्रा
डीएसपी यातायात धमतरी

