जिला साहू संघ का शपथ ग्रहण व तेलिनसत्ती माता महोत्सव का आयोजन,मुख्य अतिथि अरूण साव ने की 20 लाख रूपये देने की घोषणा
जिला साहू संघ क़े पदाधिकारियों ने ली जिम्मेदारी, ईमानदारी और समाजसेवा की शपथ

धमतरी । जिला साहू संघ धमतरी का शपथ ग्रहण एवं तेलीनसत्ती माता महोत्सव का आयोजन शुक्रवार 30 जनवरी को ग्राम तेलीनसत्ती स्थित तेलिनसत्ती माता प्रागंण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को प्रदेश अध्यक्ष ने शपथ दिलाई। जिला साहू संघ की मांग पर मुख्य अतिथि अरूण साव ने 20 लाख रूपये देने की घोषणा की। समाज के संगठन पर सभी ने जोर दिया। जिला साहू संघ के नये पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम ग्राम तेलिनसत्ती में रखा गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री अरूण साव थे। अध्यक्षता डॉ. निरेन्द्र साहू अध्यक्ष छग प्रदेश साहू संघ ने की। प्रमुख अतिथि पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष साहू संघ विपिन साहू थे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में ओंकार साहू विधायक धमतरी, चुन्नी लाल साहू पूर्व सांसद, लेखराम साहू पूर्व विधायक, रंजना साहू पूर्व विधायक, विशिष्ट अतिथि चित्ररेखा साहू, दयाराम साहू, राम खिलावन साहू, रामकिशुन साहू, सुंदर लाल साहू, अरूण सार्वा, लक्ष्मीनारायण साहू, रघुनंदन साहू, बालाराम साहू, रामदयाल साहू, चितरंजन साहू, बिरेन्द्र साहू, गीतेश्वरी साहू, ज्योति साहू, मनीषा साहू, शारदा साहू, देवेन्द सिन्हा सरपंच ग्राम तेलीनसत्ती उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि अरूण साव ने तेलिनसत्ती माता और कर्मा मंदिर में पहुंचकर पूजा की। मंच पर सभी अतिथियों का स्वागत किया गया। नये पदाधिकारी अध्यक्ष गणेश राम साहू, उपाध्यक्ष राजेन्द्र साहू, निर्मला साहू, संगठन सचिव सुभाष साहू, दुर्गा साहू को प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निरेन्द्र साहू ने शपथ दिलाई। जिला साहू संघ के अध्यक्ष गणेश राम साहू ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि आज का दिन केवल शपथ ग्रहण का दिन नहीं है, आज संकल्प, संघर्ष और समाज निर्माण का दिन है। आज हम सब ने पद की नहीं बल्कि जिम्मेदारी, ईमानदारी और समाजसेवा की शपथ ली है। समाज एक व्यक्ति से नहीं बल्कि एकता, संगठन और अनुशासन से आगे बढ़ता है। उन्होंने समाज के हर बच्चे को शिक्षा, हर युवा को दिशा, हर मातृशक्ति को सम्मान, हर जरूरतमंद को सहारा, अंतरजातीय विवाह और धर्मांतरण रोकने की भी बात कही। इस दौरान उन्होंने समाज परिसर के लिए 50 लाख की मांग की। इस मौके पर अध्यक्ष गणेश राम साहू ने अपने जम्बो कार्यकारिणी की घोषणा भी की। कार्यक्रम का संचालन विजय साहू और संतराम साहू ने किया। आभार राजेन्द्र साहू ने किया। इस दौरान आराध्या साहू का पंडवानी और ग्राम तरसीवां का महिला राउत नाचा रखा गया।
मुख्य अतिथि अरूण साव ने अपने उद्बोधन में कहा कि धमतरी जिला छत्तीसगढ़ का सबसे समृद्ध जिला है। साहू समाज की दृष्टि से सबसे शिक्षित जिला है। लोगों से आग्रह करते हुए कहा कि समाज के मजदूर, गरीब, शिक्षित, अशिक्षित सभी को समाज से जोडऩा है। उन्हें एहसास दिलाना है कि समाज उनके सुख दुख में खड़ा है। परेशानी, तकलीफ में है तो उनके साथ खड़ा होना है। तभी उनको लगेगा कि वो इतने बड़े समाज के साथ हैं। समाज में पैसा है पद है लेकिन संस्कार की कमी है। व्यापार बढ़े, शिक्षा बढ़े लेकिन संस्कार की चिंता परिवार को करना है। उन्होंने मांग के अनुरूप समाज को 20 लाख रूपये देने की घोषणा की। छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डॉ. निरेन्द्र साहू ने कहा कि ऐसा काम करें जिससे समाज का एक-एक व्यक्ति जुड़े। समाज में विकृति समेत अन्य कमी है उसको कैसे दूर करें उसकी चिंतन करना है। समाज की मजबूती की भी चिंता पदाधिकारियों को करनी है। समाज परिवार की ओर अभियान चलाया जायेगा। इसके पहले पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, विधायक ओंकार साहू, पूर्व विधायक रंजना साहू ने भी संबोधित किया।

