धमतरी पुलिस की तीन थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश, 15 जुआरी गिरफ्तार
नगदी, तीन मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल सहित 97 हजार 320 रुपये की संपत्ति जब्त

धमतरी। जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने धमतरी पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में मगरलोड, अर्जुनी और भखारा थाना पुलिस ने एक साथ अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 52 पत्ती ताश से काटपत्ती जुआ खेल रहे 15 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से नगदी रकम, ताश की पत्ती, तीन मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन सहित कुल 97 हजार 320 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से जुआ खेले जाने की सूचना मिलने पर तीनों थाना क्षेत्रों की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। थाना मगरलोड पुलिस ने ग्राम सौंगा के नया तालाब के नीचे तिराहा में दबिश देकर फागराम साहू (43), भलेश्वर साहू (28), खेमचंद साहू (32) और विकास निषाद (24) को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 4 हजार 200 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश, तीन मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए। इस कार्रवाई में कुल 93 हजार 200 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
इसी प्रकार थाना अर्जुनी पुलिस ने ग्राम पुरी के बाजार चौक में दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पहली कार्रवाई में राजेन्द्र देवांगन (36), पूनम नेताम (20) और पुनानंद निर्मलकर (30) को पकड़ा गया, जिनके पास से 680 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई। वहीं दूसरी कार्रवाई में मधुशंकर निर्मलकर (32), कामता लाल ध्रुव (40) और सागर नेताम (25) को गिरफ्तार कर 580 रुपये नगद एवं ताश की पत्ती जब्त की गई।
उधर, थाना भखारा पुलिस ने ग्राम कोलियारी के महावीर चौक में सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे नरसिंग साहू (32), महेन्द्र साहू (32), छम्मन साहू (42), पवन नागरची (33) और संदीप साहू (32) को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 2 हजार 860 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई।
इस प्रकार तीनों थाना क्षेत्रों में की गई संयुक्त कार्रवाई में कुल 15 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से जुआ-सट्टा से दूर रहने तथा इस तरह की गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।