तूफान ‘अर्नब’ से धान की फसल पूरी तरह बर्बाद, सरकार तुरंत करे किसानों का कर्ज माफ और दे फसल बीमा की राशि: तारिणी चंद्राकर

चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ ने धमतरी जिले सहित पूरे क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा के कारण क्षेत्र के अन्नदाताओं की सालभर की गाढ़ी कमाई और खून-पसीने से सींची गई धान की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। फसलें खेतों में बिछ गई हैं और पानी में डूबने के कारण सड़ने की कगार पर हैं। इस विकट परिस्थिति को देखते हुए जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी की अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने राज्य सरकार से मांग की है कि किसानों को इस संकट से उबारने के लिए तत्काल पूर्ण कर्ज माफी की घोषणा की जाए और फसल बीमा की शत-प्रतिशत राशि प्रत्येक किसान के खाते में ट्रांसफर की जाए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने जारी बयान में कहा, धमतरी जिला कृषि प्रधान जिला है, जहां के अधिकांश परिवारों का जीवन पूरी तरह से धान की खेती पर निर्भर है। फसल कटाई के इस महत्वपूर्ण समय पर चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के चलते खेतों में खड़ी और कटी हुई फसलें पूरी तरह से नष्ट हो चुकी हैं। किसानो के सामने कर्ज चुकाने तथा आने वाले समय में परिवार के भरण-पोषण का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। श्रीमती चंद्राकर ने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि बिना किसी देरी के जिले के प्रत्येक ब्लॉक और गांव में विशेष टीमों का गठन कर तत्काल नुकसान का सर्वे (गिरदावरी) कराया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारी खेतों में जाकर वास्तविक नुकसान का आकलन करें ताकि कोई भी पीड़ित किसान मुआवजे से वंचित न रह सके। तारिणी चंद्राकर नें आगे कहा की संकट की इस घड़ी में किसानों को मानसिक और आर्थिक संबल देने के लिए राज्य सरकार तत्काल सहकारी और राष्ट्रीयकृत बैंकों से लिए गए कृषि ऋणों की माफी की घोषणा करे। फसल बीमा कंपनी के नियमों और औपचारिकताओं को शिथिल करते हुए, प्रत्येक प्रभावित किसान को उनके नुकसान के अनुपात में जल्द से जल्द बीमा क्लेम की राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। जिन किसानों ने बीमा नहीं कराया था, उन्हें राजस्व पुस्तक परिपत्र के तहत तत्काल उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता दी जाए, सोसायटियों और मंडियों में खुले में रखे धान को सुरक्षित करने तथा भीगे हुए धान की खरीदी के लिए विशेष नियम बनाए जाएं। श्रीमती चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं करेगी। यदि सरकार ने जल्द ही किसानों के हित में कर्ज माफी और बीमा राशि प्रदान करने का ठोस निर्णय नहीं लिया, तो जिला कांग्रेस कमेटी किसानों की आवाज को बुलंद करने के लिए सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। कांग्रेस पूरी तरह से अपने अन्नदाताओं के साथ खड़ी है और उन्हें उनका हक दिलाकर रहेगी।

