Uncategorized

दो पटवारी सस्पेंड,सभी ब्लॉक में नोटिस जारी..आक्रोशित पटवारियों ने जलाई प्रतियां

धमतरी। 13 अक्टूबर से पटवारियों की अनिश्चित कालीन हड़ताल जारी है।सोमवार को फेडरेशन ने अपना समर्थन दिया। अब प्रशासन कार्यवाही पर उतर आया है। धमतरी जिले में दो पटवारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। इसके अलावा धमतरी, नगरी और कुरूद एसडीएम ने अपने-अपने अधीनस्थ पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। धमतरी में सामूहिक नोटिस को नहीं लिया गया। कई जगह आक्रोशित पटवारियों ने प्रतियां जलाई।

अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश स्तर पर पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। धमतरी में भी राजस्व पटवारी संघ के बैनरतले जिले के लगभग 148 पटवारी हड़ताल पर हैं। अब शासन-प्रशासन स्तर पर कार्यवाही शुरू हो चुकी है। धमतरी में भी कुरूद और नगरी एसडीएम ने कार्यवाही शुरू कर दी है।

नगरी और मगरलोड के पटवारी निलंबित

कार्यवाही में सबसे पहले नगरी और मगरलोड के दो पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है। नगरी एसडीएम ने पटवारी चिम्मन लाल ध्रुव हल्का पांवद्वार को निलंबित किया है। आदेश में कहा कि समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जवाब नहीं देने पर एकपक्षीय कार्यवाही करते हुए छग सिविल सेवा आचरण नियम 1966 के नियम 9 के तहत निलंबित किया जाता है। इसी तरह तहसीलदार मगरलोड ने चैतन्य नेताम मुख्यालय बेलोरा को निलंबित कर दिया है। निलंबन के बाद आक्रोश बढ़ गया है।प्रतियां जलाई गई।धमतरी,नगरी, मगरलोड, भखारा, कुकरेल के सभी पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। 48 घंटे के अंदर उपस्थिति देने कहा है। नहीं देने पर अनुशानात्मक कार्यवाही की जाएगी।

दवाब पर नहीं झुकेंगे : अध्यक्ष

राजस्व पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष वासुदेव भोई ने बताया कि शासन-प्रशासन कितना भी दबाव डाल ले, निलंबित कर ले, नोटिस जारी कर ले, फिर भी हड़ताल पर डटे रहेंगे। इतने वर्षों तक कार्य करने के बावजूद आखिर पदोन्नति क्यों नहीं दी जाती है। अभी एक पटवारी बलदेव सिंह ठाकुर 37 वर्ष 7 माह तक नौकरी करने के बाद सेवानिवृत्त हुए लेकिन उन्हें पदोन्नति नहीं मिली। जिले में 168 पटवारी कार्यरत हैं, 20 प्रशिक्षु हड़ताल पर नहीं हैं बाकी सभी हड़ताल पर हैं। लोगों के कई कार्य रुक गए हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!