अमलतासपुरम से सिंचाई नहर तक बनेगी बी.टी. सड़क, 436.46 लाख के प्राक्कलन को तकनीकी मंजूरी
यातायात होगा सुगम:अमलतासपुरम–कलेक्ट्रेट–पॉलीटेक्निक मार्ग सड़क निर्माण को हरी झंडी
धमतरी-शहर के समग्र अधोसंरचना विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए अमलतासपुरम कॉलोनी के सामने से भटगांव रोड, कलेक्ट्रेट रोड, पॉलीटेक्निक कॉलेज मार्ग होते हुए सिंचाई नहर तक बी.टी. सड़क निर्माण कार्य हेतु 436.46 लाख रुपए के प्राक्कलन को तकनीकी स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस परियोजना के पूर्ण होने से शहर की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आएगा तथा नागरिकों को सुगम, सुरक्षित एवं बेहतर आवागमन सुविधा प्राप्त होगी।
नगर पालिक निगम द्वारा इस सड़क निर्माण के लिए विगत वर्ष सितंबर माह में प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था, जिस पर आवश्यक परीक्षण उपरांत तकनीकी स्वीकृति जारी की गई है। जारी स्वीकृति में यह स्पष्ट किया गया है कि निर्माण कार्य प्रारंभ करने से पूर्व सक्षम प्राधिकारी से प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
निर्माण कार्य छत्तीसगढ़ नगर निगम अधिनियम 1956 एवं संबंधित विभागीय मैन्युअल के प्रावधानों के अनुरूप किया जाएगा। साथ ही, कार्य को स्वीकृत ड्राइंग, डिज़ाइन एवं गुणवत्ता मानकों के अनुसार ही पूर्ण किया जाएगा तथा बिना अनुमति प्राक्कलन में किसी भी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया जाएगा।
यह सड़क शहर के प्रमुख मार्गों को आपस में जोड़ते हुए वैकल्पिक यातायात मार्ग उपलब्ध कराएगी, जिससे ट्रैफिक दबाव में कमी आएगी और आमजन के समय व ईंधन की बचत होगी। साथ ही, आसपास के क्षेत्रों में आवासीय एवं व्यावसायिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहरवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण पहल की गई है। सड़क निर्माण से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और नागरिकों को आधुनिक शहरी सुविधाओं का लाभ मिलेगा। निगम द्वारा कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि शहर के सतत विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण सड़क अधोसंरचना अत्यंत आवश्यक है। इस परियोजना के माध्यम से नागरिकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित होगी। सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त कर कार्य को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।उल्लेखनीय है कि यह परियोजना धमतरी शहर के सुव्यवस्थित विस्तार और नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक अहम कदम साबित होगी।

