Uncategorized

कलेक्टर ने किया कमार जनजाति आवासीय विद्यालय का निरीक्षण

बच्चों की शिक्षा और सुविधाओं के उन्नयन पर दिया विशेष जोर

धमतरी- कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने गुरुवार को नगरी विकासखंड के दौरे के दौरान विशेष पिछड़ी जनजाति कमार बच्चों के लिए संचालित बालक एवं बालिका आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से आत्मीय बातचीत करते हुए उनकी पढ़ाई-लिखाई, खेलकूद, दिनचर्या, नाश्ता-भोजन तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षाओं, अटल टिंकरिंग लैब, कंप्यूटर कक्ष और अन्य संसाधनों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने छात्रों से कंप्यूटर एवं तकनीक से जुड़े प्रश्न भी पूछे और शिक्षकों को निर्देशित किया कि बच्चों को भविष्यउन्मुख विषयों, नवीन तकनीकों और डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के प्रयास और तेज किए जाएं।
उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों के लिए स्पोकन इंग्लिश और संवाद कौशल के नियमित अभ्यास पर जोर दिया, ताकि बच्चे प्रतियोगी माहौल में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।कलेक्टर श्री मिश्रा ने विद्यालय परिसर में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए लाइब्रेरी स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ ग्रामों और जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि प्रशासन बच्चों के लिए सुरक्षित, अनुकूल और प्रेरक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगा।इस अवसर पर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री विमल साहू, एसडीएम नगरी सुश्री प्रीति दुर्गम, जनपद पंचायत नगरी के सीईओ श्री रोहित बोर्ड, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!