धमतरी पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त कार्यवाही में बड़ी सफलता: 127 किलो से अधिक गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाए जा रहे अवैध मादक पदार्थों की तस्करी का हुआ भंडाफोड़

72 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त,एनडीपीएस एक्ट के तहत कड़ी वैधानिक कार्यवाही कर आरोपियों को भेजा गया जेल
सिहावा पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने उत्कृष्ट समन्वय एवं सजगता का परिचय देते हुए एक बड़ी एवं महत्वपूर्ण कार्यवाही को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
कल शाम को सांकरा स्थित फारेस्ट नाका सांकरा में वन विभाग के अधिकारी,कर्मचारियों द्वारा नियमित वाहन चेकिंग के दौरान एक सिल्वर रंग की कार क्रमांक एम एच 10- डी क्यू -4294 संदिग्ध प्रतीत होने पर डिप्टी रेंजर द्वारा वाहन को रोककर थाना प्रभारी सिहावा एवं वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई।
मौके पर तत्काल थाना सिहावा पुलिस पहुंचे जहां पर वाहन की चेकिंग करने पर कार की डिक्की में भूरे रंग के सेलो टेप से पैक कुल 62 पैकेट अवैध मादक पदार्थ गांजा पाया गया।वाहन में सवार व्यक्तियों से गांजा के परिवहन एवं विक्रय संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, किंतु कोई वैध कागजात नहीं होने पर
थाना प्रभारी सिहावा द्वारा मौके पर गवाहों के समक्ष विधिवत पंचनामा कार्यवाही कराई गई एवं तौल कराने पर कुल 127.09 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 63,54,500 रुपये है, बरामद किया गया।आरोपियों के कब्जे से
घटना में प्रयुक्त वाहन (कीमत लगभग 9,00,000 रुपये), दो मोबाइल (कीमत 15,000 रुपये) एवं नगदी 1,500 रुपये जब्त किए गए। इस प्रकार कुल जप्त संपत्ति की कीमत लगभग 72,71,000 रुपये आंकी गई है।उक्त मामले में आरोपीगण के विरुद्ध थाना सिहावा में धारा 20 (ख) (ii) (सी) नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत कार्यवाही की गई। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।गिरफ्तार आरोपियो मे संदीप विष्णु खोत, पिता विष्णु खोत, 41 वर्ष, निवासी सिंदे चौक, अस्टा, थाना अस्टा, जिला सांगली (महाराष्ट्र), स्वप्नील मुलिक पिता महेश कुमार मुलिक 31 वर्ष अस्टा दक्षिण भाग सुसायटी चौहान वाडी थाना अस्टा जिला सांगली (महाराष्ट्र) शामिल है.

