Uncategorized

विधायक ओंकार साहू ने पीजी कालेज का किया औचक निरीक्षण,अव्यवस्थाओं की खुली पोल

विद्यार्थियों की सुरक्षा स्वच्छता मे मिली लापरवाही,मूलभूत सुविधाओं का मिला अभाव

धमतरी-आज बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धमतरी का धमतरी विधायक ओंकार साहू ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कॉलेज में कई गंभीर अव्यवस्थाएं सामने आईं, जिन पर विधायक ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
निरीक्षण में पाया गया कि कॉलेज के सेकंड फ्लोर में विद्यार्थियों के लिए पेयजल की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे छात्र-छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कॉलेज परिसर में लगाए गए अग्निशामक यंत्र अत्यंत पुराने एवं निष्क्रिय अवस्था में पाए गए, जो केवल औपचारिकता के लिए लगाए गए प्रतीत हुए। यह स्थिति विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से गंभीर लापरवाही को दर्शाती है।इसके अतिरिक्त कॉलेज परिसर में सफाई व्यवस्था की स्थिति भी असंतोषजनक पाई गई। कई स्थानों पर गंदगी एवं रखरखाव की कमी स्पष्ट रूप से दिखाई दी। निरीक्षण के दौरान विधायक ने शिक्षकों के उपस्थिति (अटेंडेंस) रजिस्टर का भी अवलोकन किया, जिसमें यह तथ्य सामने आया कि कॉलेज के प्राचार्य द्वारा बिना लिखित आवेदन के केवल फोन कॉल के माध्यम से शिक्षकों को अवकाश देने की परंपरा चल रही है, जो नियमों के विपरीत है।विधायक ओंकार साहू ने इन सभी विषयों पर कॉलेज के प्राचार्य को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा, सुविधा एवं शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि शासकीय शिक्षण संस्थानों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव अत्यंत चिंताजनक विषय है। छात्रहित सर्वोपरि है और कॉलेज की संपूर्ण व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार किया जाना आवश्यक है। मौके पर ही उन्होंने प्राचार्य को सभी कमियों को शीघ्र दूर करने तथा व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष आकाश गोलछा, नगर निगम धमतरी के उप नेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन, विधायक प्रतिनिधि (पीजी कॉलेज) राकेश मौर्य एवं धर्मेंद्र पटेल आकाश गुलशन देवांगन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!