सुन्दरगंज वार्ड में विजय दशमी उत्सव के उपलक्ष्य में आर आर एस का शस्त्र पूजन व पथ संचलन

धमतरी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, बस्ती सुंदरगंज वार्ड की ओर से रविवार 1 नवंबर को हिन्दू अनाथालय में विजयदशमी उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शस्त्र पूजन के साथ पथ संचलन एवं पंथ संचलन कार्यक्रम आयोजित हुआ। पथ संचलन में स्वयंसेवक अनुशासित पंक्तियों में कदमताल करते हुए निकले। इस दौरान वार्डवासियों ने भारत माता की जय के उद्घोष के साथ स्वयंसेवकों का स्वागत किया और उन पर पुष्प वर्षा की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हरजिंदर सिंह छाबड़ा, (सर्वहिन्दू समाज उपाध्यक्ष) ने युवाओं से संघ के विचारों को आत्मसात कर देश और समाज के हित में कार्य करने का आह्वान किया। मुख्य वक्ता हरि राम मधुकर (धमतरी जिला प्रचारक) ने संघ की स्थापना से लेकर 101 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संघ अपनी शाखाओं के माध्यम से व्यक्ति का चरित्र निर्माण करता है। इसके बाद स्वयंसेवक समाज के बीच कार्य करते हुए अच्छे समाज के निर्माण और राष्ट्रहित में योगदान देने की प्रेरणा प्राप्त करते हैं। कार्यक्रम में जिला संघचालक श्याम अग्रवाल, सह जिला कार्यवाह सुनील यदु, नगर कार्यवाह रवि प्रकाश शर्मा, हिन्दू अनाथालय अध्यक्ष डॉ. हीरा महावर सहित वार्ड के गणमान्य नागरिक खुशालचन्द पींचा, श्रवण मेश्राम, अजय जैन, यश जैन, अरुण साव, चेतन साहू, सचिन खन्ना, सान्वी शर्मा, मानवी शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं नागरिक उपस्थित रहे।