धमतरी की दो प्रतिभाओं को राज्य अलंकरण : साहित्य और आयुर्वेद के क्षेत्र में जिले का बढ़ा मान
युवा साहित्यकार डुमन लाल ध्रुव को शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति अलंकरण, डॉ. दिनेश नाग को मिलेगा श्री धन्वंतरी सम्मान
चेतन हिन्दूजा ने कहा- धमतरी प्रतिभाओं की खान, दोनों विभूतियों की उपलब्धि पूरे जिले के लिए गौरव का विषय

धमतरी । छत्तीसगढ़ की साहित्यिक, सांस्कृतिक और चिकित्सा परंपरा को समृद्ध करने में जुटी धमतरी की दो प्रतिभाओं को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। ग्राम मुजगहन निवासी युवा साहित्यकार डुमन लाल ध्रुव और आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. दिनेश नाग को राज्य अलंकरण के लिए चयनित किया गया है। डुमन लाल ध्रुर्वं को वर्ष 2026 का शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति राज्य अलंकरण तथा डॉ. दिनेश नाग को श्री धन्वंतरी सम्मान प्रदान किया जाएगा। राजधानी नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव के समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथों दोनों प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। समाज सेवी चेतन हिन्दूजा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि धमतरी की इन दोनों प्रतिभाओं ने अपनी मेहनत, साधना और समाज के प्रति समर्पण से जिले का गौरव बढ़ाया है। हिन्दूजा ने कहा कि डुमन लाल ध्रुव ने अपनी लेखनी के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, जनजातीय परंपराओं, लोकभाषा और साहित्यिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाने का काम किया है। ग्राम मुजगहन निवासी ध्रुव का साहित्य सृजन केवल रचनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी लेखनी में लोकजीवन, सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक अस्मिता की स्पष्ट झलक दिखाई देती है। उन्होंने अपनी रचनात्मक सक्रियता से जनजातीय समाज की संवेदनाओं और परंपराओं को साहित्य के माध्यम से समाज के सामने रखने का प्रयास किया है। साहित्य के साथ संगठनात्मक और सामाजिक गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है। वे साहित्य संगीत सांस्कृतिक मंच, मुजगहन तथा धमतरी जिला हिंदी साहित्य समिति के अध्यक्ष के रूप में साहित्यकारों, कलाकारों और संस्कृति से जुड़े लोगों को मंच प्रदान कर रहे हैं। साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और जिले में रचनात्मक वातावरण तैयार करने में उनका योगदान उल्लेखनीय है। चेतन हिन्दूजा ने कहा कि डुमन लाल ध्रुव को मिलने वाला सम्मान महज एक साहित्यकार की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि गांव की मिट्टी से उपजी लोकचेतना, आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान और छत्तीसगढ़ की साहित्यिक विरासत का सम्मान है। उनकी उपलब्धि से ग्राम मुजगहन के साथ पूरा धमतरी जिला गौरवान्वित हुआ है। यह सम्मान नई पीढ़ी के रचनाकारों को अपनी भाषा, संस्कृति और जड़ों से जुड़े रहकर साहित्य सृजन करने की प्रेरणा देगा।
आयुर्वेद चिकित्सा और नशामुक्ति अभियान में डॉ. दिनेश नाग का योगदान
धमतरी की दूसरी प्रतिभा डॉ. दिनेश नाग को आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए राज्य अलंकरण श्री धन्वंतरी सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। चेतन हिन्दूजा ने कहा कि डॉ. नाग लंबे समय से आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के माध्यम से मरीजों को सेवाएं दे रहे हैं। उनका प्रयास आयुर्वेद चिकित्सा को आम लोगों तक पहुंचाना और पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना रहा है। गायत्री परिवार से जुड़े डॉ. दिनेश नाग चिकित्सा सेवा के साथ सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय हैं। वे नशामुक्ति अभियान से जुड़कर समाज को नशे जैसी बुराई से दूर रखने के लिए जनजागरूकता के प्रयास कर रहे हैं। धीवर समाज से आने वाले डॉ. नाग ने चिकित्सा और सामाजिक सरोकारों को अपने कार्यक्षेत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया है। हिन्दूजा ने कहा कि दिवाली से पहले धमतरी की दो प्रतिभाओं को राज्य स्तर पर सम्मान मिलना जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। एक ओर साहित्यकार डुमन लाल ध्रुव अपनी लेखनी से छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और जनजातीय विरासत को पहचान दिला रहे हैं, वहीं दूसरी ओर डॉ. दिनेश नाग आयुर्वेद चिकित्सा और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में योगदान दे रहे हैं। दोनों का सम्मान धमतरी की प्रतिभा, परिश्रम और सामाजिक प्रतिबद्धता का सम्मान है। युवा समाजसेवी चेतन हिन्दूजा ने धमतरी की दो प्रतिभाओं को राज्य अलंकरण से सम्मानित करने पर छत्तीसगढ़ सरकार का आभार प्रदर्शन किया है।


