ज्वेलरी दुकान से सोने की चेन चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय महाराष्ट्र के आरोपी दंपत्ति गिरफ्तार, शत-प्रतिशत मशरूका बरामद
एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस को मिली सफलता: आमंत्रण ज्वेलर्स में चोरी करने वाले महाराष्ट्र के शातिर चोर दंपत्ति सलाखों के पीछे

रक्षाबंधन के दिन ज्वेलरी शॉप से पार की थी 2.20 लाख की सोने की चेन; धमतरी पुलिस ने घेराबंदी कर महाराष्ट्र के पति-पत्नी को दबोचा
पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के कुशल निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों एवं चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने हेतु लगातार सघन अभियान चलाकर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
इसी कड़ी में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने ज्वेलरी दुकान से सोने की चेन चोरी करने के मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के दो आरोपियों (पति-पत्नी) को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
प्रार्थी द्वारा थाना सिटी कोतवाली उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि घड़ी चौक, शनि मंदिर के पास स्थित उनकी फर्म आमंत्रण ज्वेलर्स में रक्षाबंधन पर्व के दौरान 27.08.2026 की शाम को ग्राहकों की भारी भीड़ थी। उसी दौरान अज्ञात चोरों द्वारा खरीदारी करने के बहाने दुकान से एक नग जेंट्स सोने की चेन (वजन 17 ग्राम 110 मिलीग्राम, कीमती लगभग 2,20,000 रूपये) चोरी कर ली गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 207/2026, धारा 331(3), 305(A) बीएनएस (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान आज पेट्रोलिंग पार्टी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आमा तालाब रोड, यादव भवन के पास दो संदिग्ध व्यक्ति सोने की चेन बेचने की फिराक में ग्राहक तलाश रहे हैं।
सूचना पर तत्काल घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा गया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम रेखा चौहान एवं पृथ्वीराज चौहान, निवासी अक्लुज, सुमित्रा नगर बागवानी प्लाट, थाना अक्लुज,सोलापुर (महाराष्ट्र) बताया। प्रार्थी द्वारा पहचान कार्यवाही कराए जाने पर प्रार्थी ने दोनों आरोपियों की शिनाख्त की। वैधानिक प्रक्रिया के तहत आरोपियों के कब्जे से चोरी गई शत-प्रतिशत संपत्ति – 01 नग सोने की चेन (वजनी 17 ग्राम 110 मिलीग्राम, कीमती 2,20,000 रूपये) बरामद कर विधिवत जब्त की गई।आरोपियों का कृत्य अपराध धारा सदर का पाए जाने से उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।