Uncategorized

घने कोहरे के कारण बढ़ा सड़क हादसे का खतरा, बचाव हेतु यातायात पुलिस ने जारी की अपील

एसपी श्रीमती भावना पाण्डेय के मार्गदर्शन में डीएसपी यातायात रुपेश कुमार ने जनता से की सुरक्षा सावधानियां बरतने की अपील


धमतरी। शीत ऋतु की शुरुआत के साथ ही जिले में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने लगा है। कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता (विजिबिलिटी) कम हो जाती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों, वाहन चालकों, मॉर्निंग वॉकर्स एवं साइकिल चालकों के लिए विशेष यातायात सुरक्षा अपील जारी की है।
एसपी श्रीमती भावना पाण्डेय के मार्गदर्शन व निर्देश पर डीएसपी यातायात रुपेश कुमार द्वारा जनहित में अपील करते हुए कहा है कि घने कोहरे के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सभी लोग अतिरिक्त सतर्कता बरतें। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडे एवं डीएसपी ट्रैफिक रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में जारी अपील में वाहन चालकों से कहा गया है कि नशे की हालत में बिल्कुल भी वाहन न चलाएं। वाहन चलाते समय हमेशा सीट बेल्ट और दोपहिया वाहन में हेलमेट का उपयोग करें। कोहरे के दौरान वाहन की गति सीमित एवं नियंत्रित रखें तथा आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त सुरक्षित दूरी बनाए रखें। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को कोहरे में ओवरटेकिंग करने से बचने की सलाह दी गई है। पुलिस ने वाहन चालकों को विंडशील्ड और शीशों को साफ रखने, वाहन की लाइट एवं इंडिकेटर का सही उपयोग करने तथा अत्यधिक घना कोहरा होने पर सुरक्षित स्थान पर वाहन खड़ा करने की सलाह दी है। साथ ही सड़क पर बने मार्किंग और पट्टियों का अनुसरण करते हुए सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की गई है।
मॉर्निंग वॉकर्स भी बरतें विशेष सावधानी
धमतरी पुलिस ने सुबह-सुबह टहलने और दौडऩे वाले लोगों से भी विशेष सावधानी बरतने को कहा है। अपील में कहा गया है कि मॉर्निंग वॉक के दौरान सड़क के बीच चलने के बजाय किनारे (शोल्डर) पर ही चलें। टहलते या दौड़ते समय मोबाइल फोन और हेडफोन का इस्तेमाल न करें। कोहरे में दूर से दिखाई देने के लिए चमकीले, रंग-बिरंगे अथवा रिफ्लेक्टिव कपड़े पहनें। समूह में चलने के बजाय एक-दूसरे के पीछे कतार में चलें। अत्यधिक कोहरा होने पर सड़क पर निकलने के बजाय खुले मैदान या पार्क का उपयोग करें। सड़क पार करते समय दोनों ओर देखकर ही आगे बढ़ें। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों का जीवन सुरक्षित रखने के लिए करें। धमतरी पुलिस ने कहा है कि सुरक्षित सफर और सुरक्षित जीवन के लिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह सतर्कता और समझदारी के साथ सड़क पर चले।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!