Uncategorized

कृष्णा बेन वलिया ने सत्यांशु को भेंट की साइकिल

स्वीडन में पदक जीतने वाले खिलाड़ी के अभ्यास को मिलेगा प्रोत्साहन


धमतरी। अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित अरवाइन शहर से धमतरी आईं कृष्णा बेन वलिया ने सार्थक स्कूल के विशेष विद्यार्थी एवं फुटबॉल खिलाड़ी सत्यांशु दीप को साइकिल भेंट की। कृष्णा बेन धमतरी की दो बार विधायक रह चुकीं स्वर्गीय जयाबेन दोशी की बड़ी सुपुत्री हैं। सत्यांशु को ग्राउंड पर रनिंग और फुटबॉल की नियमित प्रैक्टिस के लिए आने-जाने में साइकिल की आवश्यकता थी। इसकी जानकारी मिलने पर कृष्णा बेन ने तत्काल सहमति देते हुए उसके लिए अच्छी कंपनी की साइकिल भेंट की। साइकिल की चाबी सत्यांशु को सौंपते हुए उन्होंने उसे स्नेहपूर्ण आशीर्वाद दिया और खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढऩे तथा नई उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं दीं। उल्लेखनीय है कि सत्यांशु ने स्वीडन में आयोजित गोथिया कप 2026 में स्पेशल ओलंपिक्स भारत की ओर से भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए फुटबॉल में कांस्य पदक हासिल किया है। उसकी इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि और खेल के प्रति लगन को देखते हुए साइकिल उसके नियमित अभ्यास और आगे की तैयारी में महत्वपूर्ण सहयोग बनेगी। सार्थक स्कूल की अध्यक्ष डॉ. सरिता दोशी ने कहा कि खेल में सफलता के लिए नियमित अभ्यास जरूरी है और अभ्यास स्थल तक पहुंचने की सुविधा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर कृष्णा बेन के बड़े भाई बिपिन दोशी, सार्थक स्कूल के संरक्षक मदनमोहन खंडेलवाल एवं श्रीमती पुष्पा खंडेलवाल, सत्यांशु की माता श्रीमती रंभा दीप तथा डॉ. सरिता दोशी उपस्थित थीं। सभी ने सत्यांशु का उत्साहवर्धन किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!