Uncategorized

आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने शहर के विभिन्न स्थलों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए दिशा-निर्देश

कहा,नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की हैँ सर्वोच्च प्राथमिकता

धमतरी- नगर पालिक निगम धमतरी के आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने शहर की विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं एवं निगम द्वारा संचालित व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वच्छता, निर्माण कार्यों की प्रगति, नागरिक सुविधाओं तथा मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सभी कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
निरीक्षण की शुरुआत बागतराई डंप यार्ड से की गई, जहां आयुक्त ने कचरा प्रबंधन की व्यवस्था का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने वहां कार्यरत स्वच्छता दीदियों एवं महिलाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और कार्यप्रणाली की जानकारी ली। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि डंप यार्ड में लंबे समय से पड़े कचरे का वैज्ञानिक एवं त्वरित तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखा जा सके।
इसके पश्चात आयुक्त दानीटोला वार्ड स्थित एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) सेंटर पहुंचे। यहां उन्होंने केंद्र में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा पानी सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र में पशुओं की देखभाल के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे संचालन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने दानीटोला वार्ड एवं विंध्यवासिनी वार्ड में निर्माणाधीन एएचपी आवासीय भवनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने तथा कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद आयुक्त ने विंध्यवासिनी वार्ड स्थित एसएलआरएम सेंटर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने स्वच्छता दीदियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता कार्य में लगी महिलाओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सके।
निरीक्षण के अंतिम चरण में आयुक्त सिटी गार्डन पहुंचे, जहां उन्होंने उद्यान की साफ-सफाई, हरियाली एवं रखरखाव का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गार्डन में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, बड़ी-बड़ी झाड़ियों की कटाई-छंटाई कराने तथा उद्यान को आकर्षक एवं नागरिकों के लिए सुरक्षित बनाए रखने के निर्देश दिए।
आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने कहा कि नगर निगम द्वारा संचालित सभी योजनाओं एवं परियोजनाओं का नियमित निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें तथा शासन की मंशा के अनुरूप विकास एवं स्वच्छता संबंधी कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करें।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!