Uncategorized

महापौर रामू रोहरा और आयुक्त अरुण वर्मा ने स्वच्छता दीदियों को वितरित किया ड्रेस

महापौर ने कहा —स्वच्छता दीदियां शहर की स्वच्छता व्यवस्था की मजबूत कड़ी, उनके योगदान का सम्मान करना हम सभी का दायित्व

धमतरी- नगर पालिक निगम धमतरी द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली स्वच्छता दीदियों को प्रोत्साहित करने एवं उन्हें एकरूप पहचान प्रदान करने के उद्देश्य से ड्रेस का वितरण किया गया। इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा, निगम आयुक्त अरुण वर्मा सहित जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छता दीदियों को ड्रेस वितरित कर उनके कार्यों की सराहना की।
महापौर रामू रोहरा ने कहा—स्वच्छता दीदियों की मेहनत से स्वच्छ और सुंदर बनता है शहर

इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने में स्वच्छता दीदियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे प्रतिदिन पूरी निष्ठा, मेहनत और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करती हैं। उनकी मेहनत से ही शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलती है। स्वच्छता दीदियां केवल सफाई कार्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

महापौर ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि स्वच्छता कार्य में लगे प्रत्येक कर्मचारी को सम्मान, सहयोग और प्रोत्साहन मिले। ड्रेस वितरण का उद्देश्य स्वच्छता दीदियों को एकरूप पहचान प्रदान करने के साथ-साथ उनके मनोबल को बढ़ाना भी है। शहर को स्वच्छ रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। जब जनप्रतिनिधि, निगम कर्मचारी, स्वच्छता दीदियां और शहरवासी मिलकर प्रयास करेंगे, तभी धमतरी को स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाने का संकल्प साकार होगा।
महापौर ने स्वच्छता दीदियों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि नगर निगम उनके हितों और सुविधाओं के प्रति संवेदनशील है। उनके योगदान को सम्मान देना और उन्हें बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

आयुक्त अरुण वर्मा ने कहा—स्वच्छता व्यवस्था में स्वच्छता दीदियों की भूमिका महत्वपूर्ण

निगम आयुक्त अरुण वर्मा ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी और व्यवस्थित बनाए रखने में स्वच्छता दीदियों की भूमिका अहम है। उनके नियमित प्रयासों और जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली से स्वच्छता अभियान को गति मिलती है। ड्रेस वितरण से उन्हें एकरूप पहचान मिलेगी और कार्य के दौरान उनकी पहचान भी सहज होगी।

एमआईसी सदस्य एवं पार्षदों ने कहा स्वच्छता केवल सफाई करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों के स्वास्थ्य, स्वच्छ वातावरण और बेहतर जीवनशैली से भी जुड़ी हुई है। शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए नियमित सफाई के साथ-साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है। उन्होंने स्वच्छता दीदियों से इसी समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया तथा नागरिकों से भी अपील की कि वे कचरा निर्धारित स्थान पर डालें, गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखें और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।

इस अवसर पर एमआईसी सदस्य नरेंद्र रोहरा एवं विजय मोटवानी, पार्षद हेमंत बंजारे, कुलेश सोनी, ईश्वर सोनकर, श्रीमती नम्रता माला पवार एवं अज्जू देशलहरे, एल्डरमैन श्रीमती प्राची सोनी, प्रभारी कार्यपालन अभियंता महेंद्र जगत, सहायक प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी शशांक मिश्रा सहित नगर निगम के कर्मचारी एवं स्वच्छता दीदियां उपस्थित रहीं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!