बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लिंग आधारित हिंसा समाप्ति हेतु 16 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान के तहत प्रथम पंक्ति कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण आयोजित

धमतरी- बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत लिंग आधारित हिंसा समाप्ति पर 16 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला मुख्यालय धमतरी स्थित शासकीय जी.एन.एम. प्रशिक्षण केंद्र में प्रथम पंक्ति के कार्यकर्ताओं हेतु प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया।यह कार्यक्रम कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती रोमा श्रीवास्तव के निर्देशानुसार, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती जगरानी एक्का तथा महिला एवं बाल विकास अधिकारी महेश मरकाम के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।कार्यशाला में प्रतिभागियों को लिंग आधारित हिंसा की परिभाषा, इसके प्रमुख कारण, दुष्प्रभाव तथा इसे रोकने में समाज और प्रत्येक नागरिक की भूमिका के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया। साथ ही भारतीय न्याय संहिता 2023 एवं भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं हेतु उपलब्ध विशेष अधिकारों पर चर्चा की गई।कार्यक्रम में बाल विवाह मुक्त समाज के संकल्प हेतु सभी उपस्थितों को शपथ दिलाई गई। इसके अतिरिक्त महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख योजनाओं,बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला हेल्पलाइन 181, सखी वन स्टॉप सेंटर, सखी निवास, शक्ति सदन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, घरेलू हिंसा अधिनियम, शी -बॉक्स पोर्टल, पोक्सो एक्ट, एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण केंद्र (हब), सखी वन स्टॉप सेंटर तथा चाइल्ड लाइन की टीम उपस्थित रही।

