कलेक्टर अबिनाश मिश्रा का जोर:धमतरी में मतदाता सूची डिजिटलीकरण में तेजी, 88 प्रतिशत कार्य पूर्ण

धमतरी-धमतरी जिले में निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सटीक और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से मतदाता सूची के डिजिटलीकरण का कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। नवीनतम आंकड़ों के अनुसार जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्र सिहावा, कुरूद और धमतरी के कुल 6,47,147 मतदाताओं में से 5,73,544 मतदाताओं का डिजिटलीकरण पूर्ण हो चुका है, जो 88.63 प्रतिशत उपलब्धि को दर्शाता है। यह जिला प्रशासन, निर्वाचन कार्यालय और स्थानीय निकायों के संयुक्त प्रयासों की महत्त्वपूर्ण उपलब्धि है। सबसे अधिक प्रगति जनपद पंचायत नगरी में दर्ज की गई है, जहां 1,26,844 में से 1,19,601 ईएफ डिजिटाइज कर 94.29 प्रतिशत सफलता प्राप्त की गई है। जनपद पंचायत मगरलोड (सिहावा क्षेत्र) में 92 प्रतिशत तथा समग्र रूप से 93.08 प्रतिशत की उपलब्धि दर्ज की गई है। इसके अलावा नगर पंचायत नगरी, नगर पंचायत मगरलोड, नगर पंचायत भखारा, नगर पंचायत कुरुद तथा अन्य क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। जनपद कुरुद ने 1,63,652 में से 1,46,754 ईएफ डिजिटाइज कर 89.67 प्रतिशत जबकि जनपद धमतरी ने 1,51,741 में से 1,35,247 ईएफ डिजिटाइज कर 89.13 प्रतिशत प्रगति दर्ज की है।नगर निगम धमतरी ने 74.85 प्रतिशत तथा नगर पंचायत आमदी ने 87.10 प्रतिशत डिजिटलीकरण पूर्ण किया है। समग्र रूप से जिले का प्रदर्शन राज्य के अन्य जिलों की तुलना में संतोषजनक तथा प्रशंसनीय माना जा रहा है। मतदाता सूची के डिजिटलीकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि निर्वाचन कार्यों में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिले में ईएफ डिजिटलीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है, और 88 प्रतिशत से अधिक प्रगति हमें आने वाले समय के लिए मजबूत आधार प्रदान करती है। हमारी टीमों ने गांव-गांव और वार्ड-वार्ड जाकर कठिन परिस्थितियों में भी यह कार्य किया है, जो सराहनीय है। शेष कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। हमारा लक्ष्य है कि आगामी निर्वाचन के लिए 100 प्रतिशत अद्यतन, त्रुटिरहित और डिजिटल मतदाता सूची उपलब्ध कराई जाए।उन्होंने आगे कहा कि तकनीक आधारित कार्यप्रणाली से भविष्य में मतदाता सेवाएं और अधिक सुलभ होंगी, जिससे नाम जोड़ने, संशोधन एवं विलोपन जैसी प्रक्रियाएँ तेज़ी और पारदर्शिता से की जा सकेंगी।धमतरी जिले में डिजिटलीकरण की यह उपलब्धि प्रशासनिक कुशलता और टीम भावना का सशक्त उदाहरण है। जिला प्रशासन शेष कार्य को जल्द पूर्ण कर मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन करने के लिए सतत निगरानी और मार्गदर्शन प्रदान कर रहा है। डिजिटल रिकॉर्ड से न केवल चुनावी व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि प्रत्येक मतदाता को सटीक और सुव्यवस्थित सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
