Uncategorized

प्रभारी सचिव ने जिला अधिकारियों की बैठक लेकर की विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा

आंगनबाड़ी सेवाओं की गुणवत्ता, पोषण अभियान और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया विशेष जोर

धमतरी-सचिव, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिले की प्रभारी सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं, आंगनबाड़ी सेवाओं, टेक होम राशन वितरण, पोषण अभियान, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना एवं महतारी वंदन योजना की प्रगति पर विशेष जोर दिया।

आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण अनिवार्य

सचिव श्रीमती आबिदी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास अधिकारी तथा क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण करें। निरीक्षण केवल औपचारिकता न होकर सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने का माध्यम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि धमतरी जिले में कार्य सराहनीय है, किंतु और बेहतर परिणाम अपेक्षित हैं। प्रत्येक हितग्राही तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। सचिव ने टेक होम राशन के वितरण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा कुपोषित बच्चों को निर्धारित मात्रा एवं गुणवत्ता के साथ समय पर राशन उपलब्ध कराने एवं वितरण व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग एवं रिकॉर्ड संधारित करने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने बैठक में एनीमिया रोकथाम पर विशेष चर्चा करते हुए उन्होंने बालिकाओं, किशोरियों, शिशुवती महिलाओं एवं गर्भवती माताओं में पोषण स्तर सुधारने के लिए जागरूकता गतिविधियाँ संचालित करने के निर्देश दिए।

अन्य विभागों की भी हुई समीक्षा

बैठक में समाज कल्याण, स्कूल शिक्षा, आदिम जाति विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, उद्यानिकी, जल संसाधन, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी सहित अन्य विभागों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

सचिव श्रीमती आबिदी ने दिव्यांगजनों, वृद्धजनों एवं छात्रावासों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्रावासों में पोषण, सुरक्षा एवं शैक्षणिक वातावरण बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग की विभागीय योजनाओं और कार्यों की समीक्षा करते हुए विद्यालयों में आधारभूत संरचना, शिक्षक उपलब्धता, पीएम श्री स्कूलों की प्रगति तथा छात्र उपस्थिति की जानकारी ली। पंचायत एवं ग्रामीण विकास के कार्यों की समीक्षा करते हुए

मनरेगा, ग्रामीण अधोसंरचना, स्वच्छता तथा सामुदायिक परिसंपत्तियों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता एवं समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में कृषि उत्पादकता बढ़ाने, फसल विविधीकरण, पोषण वाटिका एवं बाड़ी विकास को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पोषण अभियान से जुड़े प्रयासों में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
निर्माण एजेंसीज के कार्यो की समीक्षा करते हुए सचिव ने सिंचाई परियोजनाओं, ग्रामीण सड़कों के निर्माण एवं रखरखाव, पेयजल उपलब्धता तथा अधोसंरचना विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिये ताकि शासन स्तर पर आवश्यक पहल की जा सके।

बैठक के दौरान कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं अधोसंरचनात्मक कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने पर्यटन विकास, औद्योगीकरण, अधोसंरचना विस्तार तथा सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि गंगरेल क्षेत्र, ठेमली आईलैंड एवं आसपास के प्राकृतिक स्थलों को विकसित कर पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, सौंदर्यीकरण, पहुंच मार्गों के सुधार तथा पर्यटकों के लिए सुविधाओं के विस्तार पर कार्य किया जा रहा है, जिससे स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। साथ ही जिले में विकसित किए जा रहे औद्योगिक क्षेत्रों, लैंड बैंक तथा एनएच-30 कॉरिडोर के माध्यम से निवेश आकर्षित करने की रणनीति की जानकारी दी। कलेक्टर ने बताया कि खाद्य प्रसंस्करण, लघु एवं मध्यम उद्योगों तथा कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देकर रोजगार सृजन पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
कलेक्टर ने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त हाईटेक बस स्टैंड निर्माण की प्रक्रिया प्रगति पर है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही शहर में यातायात प्रबंधन, सौंदर्यीकरण एवं मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर भी कार्य किया जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कलेक्टर ने नालंदा परिसर के विकास, नर्सिंग कॉलेज की स्थापना तथा आधुनिक लाइब्रेरी सुविधा के विस्तार की जानकारी दी। इन पहलों से जिले में उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
कलेक्टर ने महानदी तट के संरक्षण, सौंदर्यीकरण एवं सांस्कृतिक महत्व को उभारने हेतु किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी। “माँ महानदी” की थीम पर आधारित विकास कार्यों के माध्यम से धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
बैठक में प्रभारी सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने, नवाचार अपनाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धमतरी जिले में शासन की योजनाओं का काम बेहतर तरीके से किया जा रहा है, जिसका लाभ यहां के लोगों को मिल रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किये जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि धमतरी जिले को समन्वित विकास एवं पोषण सशक्तिकरण के मॉडल जिले के रूप में स्थापित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएं।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!