Uncategorized

नहर में पानी नहीं आने से वाटर फिल्टर प्लांट से पानी आपूर्ति प्रभावित

जल विभाग प्रभारी अखिलेश सोनकर के निर्देश पर विभाग के इंजीनियरो ने किया निरीक्षण

धमतरी। शहर में इन दिनों नहर में पानी की आवक कम होने के कारण नगर निगम का मुख्य जल शुद्धिकरण संयंत्र (वाटर फिल्टर प्लांट) को अस्थायी रूप से बंद रखना पड़ता है। जलस्तर में कमी के चलते कच्चे पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे नियमित रूप से फिल्टर प्लांट का संचालन संभव नहीं हो पा रहा है।
नगर निगम जल विभाग के प्रभारी अखिलेश सोनकर ने बताया कि नहर में पर्याप्त जल उपलब्ध नहीं होने के कारण प्लांट को तकनीकी रूप से बंद रखा गया है, ताकि मशीनरी को नुकसान न पहुंचे। जैसे ही नहर में पर्याप्त मात्रा में पानी पहुंचेगा, संयंत्र को पुनः चालू कर शहर में जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि नहर से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए सिंचाई विभाग एवं अन्य संबंधित उच्च अधिकारियों से लगातार संवाद किया जा रहा है। कलेक्टर को भी पूरी स्थिति से अवगत करा दिया गया है और प्रशासनिक स्तर पर समाधान के प्रयास जारी हैं।गुरुवार सुबह विभागीय इंजीनियरों की टीम देमार तक स्थल निरीक्षण के लिए पहुंची और नहर के जलस्तर की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जल प्रवाह बढ़ाने के लिए आवश्यक तकनीकी पहलुओं पर भी चर्चा की गई।
श्री सोनकर ने कहा कि महापौर रामू रोहरा के मार्गदर्शन में नगर निगम की पूरी टीम जल संकट की स्थिति से निपटने के लिए सक्रिय है। शहरवासियों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर भी विचार किया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर टैंकरों के माध्यम से जल आपूर्ति की योजना भी तैयार रखी गई है।नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि जलापूर्ति सामान्य होने तक पानी का उपयोग संयमित ढंग से करें और अनावश्यक बर्बादी से बचें। निगम प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जैसे ही पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा, नियमित जल वितरण पुनः प्रारंभ कर दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!