प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के क्रियान्वयन का अध्ययन करने तेलंगाना का दल पहुंचा धमतरी
हितग्राही चयन से लेकर निर्माण, किस्त भुगतान, मेसन प्रशिक्षण और सामाजिक अंकेक्षण तक व्यवस्थाओं का किया अवलोकन

धमतरी, 30 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शी व्यवस्थाओं और जिले में अपनाई जा रही बेहतर कार्यप्रणालियों का अध्ययन करने तेलंगाना राज्य के अधिकारियों का अध्ययन दल धमतरी जिले के दौरे पर पहुंचा। दल में श्री पी. बालराम, श्री विठोबा एवं श्री बी. तिरुपति रेड्डी शामिल रहे। अध्ययन दल ने कुरुद विकासखंड के ग्राम पंचायत चर्रा तथा धमतरी विकासखंड के ग्राम पंचायत गंगरेल का भ्रमण कर योजना के मैदानी क्रियान्वयन का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
अध्ययन दल ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के चयन, आवास स्वीकृति, निर्माण की प्रगति, विभिन्न चरणों में किस्तों के भुगतान तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने हितग्राहियों के लिए अपनाई जा रही लागत प्रभावी एवं स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप निर्माण तकनीकों का भी अवलोकन किया। साथ ही आवास निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए की जा रही निगरानी एवं मैदानी स्तर पर अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
दल ने राजमिस्त्री प्रशिक्षण (मेसन ट्रेनिंग) की व्यवस्था को भी समझा। प्रशिक्षण के माध्यम से स्थानीय स्तर पर कुशल राजमिस्त्रियों की उपलब्धता, तकनीकी मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण आवास निर्माण को बढ़ावा देने के प्रयासों की जानकारी ली गई। इसके अलावा योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए संचालित सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) गतिविधियों तथा हितग्राहियों को योजना की प्रक्रिया एवं उनके अधिकारों के संबंध में जागरूक करने के उपायों का भी अध्ययन किया।
अधिकारियों ने आवास निर्माण के विभिन्न चरणों में हितग्राहियों को समय पर किस्त उपलब्ध कराने की प्रक्रिया, भुगतान की निगरानी एवं प्रगति की समीक्षा व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली। योजना के पारदर्शी एवं जवाबदेह क्रियान्वयन में सामाजिक अंकेक्षण, सामुदायिक सहभागिता और मैदानी सत्यापन की भूमिका को समझते हुए जिले में अपनाई जा रही व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
अध्ययन दल ने आवास योजना के हितग्राहियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद भी किया। हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि पक्के आवास की उपलब्धता से परिवारों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन का आधार मिला है। दल के सदस्यों ने हितग्राहियों से आवास निर्माण के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं, योजना से प्राप्त सहयोग तथा निर्माण पूर्ण होने के बाद हुए बदलावों के संबंध में भी जानकारी ली।
मैदानी अनुभवों से सीखने और साझा करने का अवसर
तेलंगाना से आए अधिकारियों ने धमतरी जिले में योजना के क्रियान्वयन की योजना-पूर्व प्रक्रिया से लेकर आवास निर्माण पूर्ण होने तक की पूरी कार्यप्रणाली को समझा। उन्होंने स्थानीय स्तर पर विभागीय समन्वय, हितग्राही सहभागिता, तकनीकी मार्गदर्शन, प्रशिक्षण, भुगतान की निगरानी और सामाजिक अंकेक्षण जैसी व्यवस्थाओं को महत्वपूर्ण माना।
अध्ययन दल का यह दौरा केवल निरीक्षण तक सीमित न रहकर दोनों राज्यों के बीच मैदानी अनुभवों, नवाचारों और बेहतर कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान का माध्यम बना। ऐसे अध्ययन दौरों से अलग-अलग राज्यों में ग्रामीण आवास योजनाओं के क्रियान्वयन में अपनाई जा रही प्रभावी प्रक्रियाओं को समझने और उन्हें स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप लागू करने का अवसर मिलता है।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र परिवारों को सुरक्षित एवं पक्का आवास उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वच्छता, बिजली, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जोड़कर उनके जीवन स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है। धमतरी जिले में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए हितग्राही-केंद्रित दृष्टिकोण, विभागीय समन्वय और सतत मैदानी निगरानी पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
// पाराशर//

