Uncategorized

सांकरा-संबलपुर से कोलियारी सिहावा रोड बायपास बनेगा नया मार्ग,

महापौर रामू रोहरा ने 50 करोड़ की मांग की


धमतरी। शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी देने की दिशा में महापौर रामू रोहरा ने महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने सांकरा-संबलपुर से नहर नाका चौक सिहावा रोड होते हुए रुद्री बायपास मार्ग निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ शासन से 50 करोड़ रुपए की राशि की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव के समक्ष मार्ग का प्रस्ताव रखते हुए आवश्यक स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी शहर में लगातार यातायात का दबाव बढ़ रहा है। संबलपुर से श्यामतराई बायपास होने से बस्तर के वाहन बाहर से चले जाते है लेकिन सिहावा उड़ीसा जाने वाले वाहन और शहर के भीतर से भारी वाहनों एवं आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए वैकल्पिक मार्गों का विकास आवश्यक है। सांकरा (संबलपुर)सिहावा रोड होकर रुद्री तक जोड़ने वाला यह बायपास मार्ग यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ आसपास के गांवों के लोगों को भी सुगम आवागमन की सुविधा प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित मार्ग के निर्माण से शहर के मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव कम होगा और लोगों को आवागमन के लिए एक बेहतर वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। साथ ही कृषि एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले वाहनों को भी शहर के अंदर प्रवेश किए बिना अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
महापौर ने कहा कि धमतरी को बेहतर सड़क नेटवर्क और आधुनिक यातायात व्यवस्था से जोड़ना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। शासन के सहयोग से शहर और विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पुल-पुलिया एवं बायपास से जुड़े कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव से प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए 50 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!