विश्व पर्यावरण दिवस पर धमतरी पुलिस का अनूठा संदेश : योग और पौधरोपण के माध्यम से स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की पहल
एसपी के नेतृत्व में रक्षित केंद्र धमतरी में भव्य योग शिविर एवं पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित

धमतरी। पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के निर्देशन एवं उपस्थिति में आज रक्षित केंद्र धमतरी में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर योग शिविर एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। योग शिविर में आरक्षक सूजय मंडल एवं उनकी शिष्या रूची साहू द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। यह इनके द्वारा आयोजित तीसरा योग जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर था,और इस तरह के कुल पांचवा योग जागरूकता एवं अभ्यास प्रशिक्षण शिविर है जो पिछले एक वर्ष में पुलिस लाइन रूद्री में आयोजित किया गया है। उन्होंने योग से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनावमुक्त, ऊर्जावान एवं स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। आज आयोजित योग शिविर में उनके योगदान एवं पुलिस अधिकारियों- कर्मचारियों को योग के प्रति जागरूक करने के सराहनीय प्रयासों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार द्वारा दोनों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। एसपी ने कहा कि योग का वास्तविक अर्थ जुडऩा है। योग हमें शरीर, मन एवं आत्मा से जोड़ता है। पुलिस सेवा स्वभावत: चुनौतीपूर्ण एवं तनावपूर्ण होती है, ऐसे में योग एवं प्राणायाम तनाव प्रबंधन का सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी को नियमित रूप से योग अपनाना चाहिए तथा अपने परिवारजनों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। योग शिविर के उपरांत विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन रूद्री परिसर में छायादार एवं फलदार पौधों का पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक सुश्री मोनिका मरावी, उप पुलिस अधीक्षक सुश्री मीना साहू, उप पुलिस अधीक्षक यशकरण दीप ध्रुव एवं जिले के थाना प्रभारी, सहित पुलिस अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।

