धमतरी निगम अध्यक्ष बनने कई पार्षदों के नाम पर हो रही चर्चा
निलेश लुनिया, मेघराज ठाकुर, विजय मोटवानी, तल्लीनपुरी गोस्वामी, श्यामलाल नेताम निगम अध्यक्ष दौड़ में आगे

धमतरी। नगरीय निकाय चुनाव के तहत धमतरी नगर निगम में भाजपा ने 40 में से 27 वार्डो में जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। इससे स्पष्ट हो गया है कि निगम में अध्यक्ष पद भाजपा का ही होगा। चुनाव परिणाम के बाद निगम सभापति के पद को लेकर कयास व मंथन का दौर जारी है। सामान्यत: निगम अध्यक्ष वरिष्ठ व अनुभवी पार्षद को दिया जाता है। उक्त पद हेतु काबिलियत भी एक पैमाना हमेशा से रहा है। इस बार निगम अध्यक्ष पद हेतु लगभग आधा दर्जन पार्षदों के नाम की चर्चा राजनीतिक हल्को में हो रही है। सदर उत्तर वार्ड पार्षद नीलेश लुनिया जो कि बीकॉम फायनल तक शिक्षित है। 2005-06 से छात्र संगठन से जुड़े हुए है। 2007 से भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल महामंत्री रहे। 2014 से 2019 तक पार्षद और 2025 में दूसरी बार पार्षद बने है। साथ ही वे भाजपा शहर मंडल महामंत्री भी है। सालों से भाजपा में लगातार सक्रिय है। रिसाईपारा पूर्व वार्ड से पहली बार भाजपा से वरिष्ठ पत्रकार मेघराज सिंह ठाकुर पार्षद निर्वाचित हुए है। एम.ए राजनीति तक शिक्षित है। पूर्व में प्रेस क्लब सचिव और अध्यक्ष रहे चुके है। ऑल इंडिया जर्नलिस्ट फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष, श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष रहे है। उन्हें शहर की आवश्यकताओं की जानकारी है। निगम के कार्यप्रणाली के संबंंध में भी वे जानकार है। आमापारा वार्ड पार्षद विजय मोटवानी लगातार दूसरी बार भारी मतो से पार्षद निर्वाचित हुए है। वे पूर्व में भाजयुमों जिलाध्यक्ष रहे चुके है। पार्टी संगठन में काफी सक्रिय है। पिछले कार्यकाल में जब भाजपा निगम में विपक्ष की भूमिका थी तब श्री मोटवानी काफी मुखर व सक्रिय रहे, जनहित के मुद्दो पर आवाज बुंलद करते रहे है। अधारी नवागांव वार्ड से तल्लीनपुरी गोस्वामी दूसरी बार पार्षद निर्वाचित हुए है। एम.ए (हिंदी साहित्य), एल.एल.बी, एल.एल.एम तक शिक्षित है। पूर्व में 2009-2014 तक पार्षद रहे। 1993 से भाजपा सदस्य, 2022-2023 में जिला मीडिया प्रभारी है। पूर्व पत्रकार व वर्तमान में अधिवक्ता है। ऐसे में नियम कानून व निगम के कार्यप्रणाली की जानकारी रखते है। बठेना वार्ड से श्यामलाल नेताम तीसरी बार पार्षद निर्वाचित हुए है। 2004 फिर 2019 में पार्षद निर्वाचित हुए थे। अपने पार्षदी कार्यकाल में श्री नेताओं ने वार्ड में जिम, भवन, हमर क्लीनिक, मुक्तिधाम सहित सड़क, नाली, पानी, बिजली जैसे बुनियादी सुविधाओं को भी बेहतर बनाया है। आदिवासी समाज के धमतरी शहर अध्यक्ष है। ऐसे में उनकी दावेदारी भी पुख्ता मानी जा रही है।
