Uncategorized

निगम के पहले ही बजट में भाजपा ने नगर विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई – प्रकाश बैस

संकल्प पत्र में उल्लेखित लगभग सभी कार्य पहले ही बजट में हुए शामिल - कविंद्र


धमतरी। नगर निगम चुनाव के दौरान 5 फरवरी को भाजपा ने नगर विकास को लेकर अपना संकल्प पत्र मीडिया के सामने जारी किया था। संकल्प पत्र जारी करते समय पत्रकारों के द्वारा ये सवाल भी किया गया था कि संकल्प पत्र के वादे सिर्फ कागजों में रहेंगे या धरातल पर भी कुछ होगा। उसके जवाब में पार्टी द्वारा ये स्पष्ट रूप से कहा गया था कि संकल्प पत्र की 80 प्रतिशत घोषणाओं पर काम पहले ही साल में शुरू हो जायेगा। शुक्रवार को महापौर जगदीश रामू रोहरा ने निगम की सामान्य सभा में अपना पहला बजट पेश कर पारित कराया। बजट में जिन विकास कार्यों को शामिल किया गया उसे लेकर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष प्रकाश बैस ने कहा कि निगम में भाजपा की सरकार है, प्रदेश और देश में भी भाजपा को जनता ने सेवा का मौका दिया है। निगम के पहले ही बजट में भाजपा ने नगर विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है। नगरहित की ज्यादातर जरूरी मांगो को बजट में स्थान मिला है। 564 करोड़ के बजट में सभी के लिए कुछ न कुछ है। उन्होंने शानदार बजट के लिए महापौर, एम आई सी सदस्यों सहित सभी पार्षदों को बधाई दी है। जिला उपाध्यक्ष कविंद्र जैन ने कहा कि भाजपा ने संकल्प पत्र में जितने भी वादे किए थे लगभग सभी कार्य इस बजट में शामिल कर लिए गए हैं। फिर चाहे वो हाइटेक बस स्टैंड हो, शहर की लाइफलाइन कही जाने वाली मुख्य सड़कों का उन्नयन हो, नहर किनारे वैकल्पिक मार्ग हो, ट्रांसपोर्ट नगर हो, तालाबों का सौंदर्यीकरण हो, पिंक टॉयलेट, औद्योगिक क्षेत्र, नए मॉल का निर्माण, गोल बाजार का नवनिर्माण, आमातालाब में मेडिटेशन सेंटर हो, चार्जिंग स्टेशन हो, मूलभूत सुविधाएं, जल भराव की समस्या का निराकरण, शुद्ध पेय जल आपूर्ति हो, सर्वसुविधायुक्त खेल परिसर का निर्माण जैसे सभी कार्यों को निगम के अपने पहले बजट में ही शामिल कर लिया गया है। नगर की जनता को आशा ही नहीं अपितु पूर्ण विश्वास है कि धमतरी को नित नए विकास की सौगात मिलेगी। श्री जैन ने बजट को विकासोन्मुख और जनकल्याणकारी बताया है।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!