दो दिनों की बारिश से शहर के कुछ क्षेत्र हुए जलमग्न, नालियों का आया सड़को पर
निगम के लगातार सफाई अभियान के बाद भी बरसाती पानी की नहीं हो पा रही बेहतर निकासी

धमतरी । विगत दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से शहर के कुछ वार्ड जलमग्न हो गये है। हालांकि बारिश की रफ्तार धीमी होने के कारण ज्यादा जल भराव की समस्या नहीं हुई लेकिन कुछ निचली बस्तियों में पानी भरा जिससे लोगो को आवाजाही व निवासियों को कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
ज्ञात हो कि लगातार दो दिनों से बारिश हो रही है। बीती रात तो अनवरत बारिश हुई जो कि आज सुबह तक जारी रहा। इस दौरान जब बारिश थोड़ी तेज हुई तो सुबह-सुबह आमापारा वार्ड व देवश्री टॉकिज व विमल टॉकिज रोड में जल भराव की समस्या उत्पन्न हुई जिससे लोगो को परेशानी हुई। सड़क पर पानी भरने के पश्चात वाहन के आवागमन से घरो व दुकानो में भी प्रवेश कर गया जिससे लोगो को असुविधा हुई।
सड़क पर नालियों की गंदगी
नगर निगम द्वारा लगातार बड़े नालो व नालियों की सफाई कराई जा रही है। ताकि बारिश के मौसम में बरसाती पानी निकासी व्यवस्था बेहतर रहे। जल भराव की स्थिति उत्पन्न न हो। लेकिन इसके बाद भी लगातार हुई हल्की बारिश में भी उक्त उद्देशो की पूर्ति नहीं हो पाई। कुछ स्थानों पर जल भराव की स्थिति बनी। वहीं शहर के कई सड़को में नालियां लबालब होकर सड़क पर बहने लगी जिससे नालियों की गंदगी सड़क पर फैल गई।
जिले में अब तक हुई मात्र 56.2 प्रतिशत औसत वर्षा

जिले में बीते 2 दिनो से हुई बारिश से बारिश का कोटा पूरा होते नजर आ रहा है। भू अभिलेख शाखा से मिली जानकारी के अनुसार 1 जून से अब तक जिले के तहसीलो जिनमें अब तक धमतरी में 160.8, कुरुद में 78.3, मगरलोड में 63.7, नगरी में 139.5, भखारा में 129.1, कुकरेल में 106, बेलरगांव में 125 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। इस प्रकार अब तक धमतरी में 70.4, कुरुद में 36.8, मगरलोड में 30.3, नगरी में 67, भखारा में 69.7, कुकरेल में 56.1, बेलरगांव में 64.7 प्रतिशत वर्षा दर्ज की गई है। इस प्रकार जिले में अब तक 114.6 मिलीमीटर व 56.2 प्रतिशत औसत वर्षा हुई है।
