गुरु पूर्णिमा पर श्रद्धा और संस्कृति से गूंज उठा डीपीएस, जान्हवी बेहरा की ओडिशी नृत्य विलास ने मोहा मन
गुरु हमारे व्यक्तित्व को निखारता है, जीवन के प्रत्येक मोड़ पर हमारा मार्गदर्शन करता है- डॉ नितिन कुमार शर्मा

विद्यालय के निदेशक धीरज अग्रवाल का उत्साहपूर्वक मनाया गया जन्मदिन
धमतरी- गुरु-शिष्य परंपरा के पावन पर्व गुरु पूर्णिमा पर दिल्ली पब्लिक स्कूल, धमतरी में एक गरिमामय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर की विशेष प्रस्तुति रहीं देश की प्रसिद्ध ओडिशी नृत्यांगना सुश्री जान्हवी बेहरा, जिन्होंने अपनी मोहक भाव-भंगिमाओं और लयात्मक शैली से विद्यार्थियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा अतिथि स्वागत से हुई, जिसका मार्गदर्शन शैल अध्यापिका एवं निकिता अध्यापिका ने किया। इसके पश्चात दर्शना अध्यापिका और कांति अध्यापिका के निर्देशन में दीप प्रज्वलन संपन्न हुआ।
विद्यालय के निदेशक धीरज अग्रवाल एवं निदेशक श्रीमती निधि अग्रवाल ने भी अतिथियों का स्वागत पौधे भेंट कर किया, जिससे पर्यावरण-संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश प्रसारित हुआ।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. नितिन कुमार शर्मा ने गुरु पूर्णिमा का महत्व समझाते हुए कहा,
गुरु केवल वह नहीं जो हमें पुस्तकीय ज्ञान देता है, बल्कि वह होता है जो हमें सही दिशा दिखाता है, हमारे व्यक्तित्व को निखारता है और जीवन के प्रत्येक मोड़ पर हमारा मार्गदर्शन करता है। यह पर्व हमें जीवन में गुरु की महत्ता को समझने और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर देता है। आज के दिन हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम अपने गुरुओं के दिखाए मार्ग पर चलकर न केवल सफल बनें, बल्कि एक अच्छे और मूल्यनिष्ठ नागरिक भी बनें। कार्यक्रम की विशेष भव्यता तब देखने को मिली जब ओडिशी नृत्य विलास की प्रस्तुति में जान्हवी बेहरा जी ने अपनी नृत्य-कला से सभी को भावविभोर कर दिया। हर मुद्रा और भाव ने भारतीय संस्कृति की गहराई और सौंदर्य को मंच पर जीवंत कर दिया। उनके साथ उनके सहयोगी प्रदीप कुमार मोहरा, श्रीमती हर प्रिया स्वान एवं श्री सौम्य रंजन नायक की उपस्थिति ने प्रस्तुति को और भी सशक्त बना दिया।इस विशेष अवसर पर विद्यालय के निदेशक धीरज अग्रवाल का जन्मदिवस भी पूरे उत्साह से मनाया गया। उन्होंने अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर सभी को पर्यावरण-संवेदनशीलता का संदेश दिया। साथ ही बच्चों को गुरु पूर्णिमा पर प्रेरणादायक संदेश देते हुए कहा,सच्चा गुरु वह है जो अपने ज्ञान से जीवन में उजाला लाए और हमें एक बेहतर इंसान बनाए। कार्यक्रम के अंत में निदेशक धीरज अग्रवाल एवं निदेशक श्रीमती निधि अग्रवाल द्वारा सुश्री जान्हवी बेहरा और उनके सहयोगियों को स्मृति-चिह्न और साल भेंट कर सम्मानित किया गया।शिवानी अध्यापिका ने प्रभावशाली मंच संचालन करते हुए कार्यक्रम का सौंदर्य बढ़ाया और अंत में सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम का समस्त कार्यभार विद्यालय के समन्वयक रोहित कुमार, सतप्रीत सिंह एवं प्रबंधक शैलेश बाजपेई के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिनकी सक्रिय भूमिका से आयोजन अत्यंत व्यवस्थित एवं प्रभावशाली बना।
यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए केवल एक सांस्कृतिक अनुभव ही नहीं, बल्कि गुरु-वंदना, भारतीय कला और मूल्यों से जुड़ने का एक प्रेरणादायक अवसर भी रहा।