शासकीय नारायणराव मेघावाले कन्या महाविद्यालय में छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस एवं रजत जयंती समारोह सम्पन्न
महापौर रामू रोहरा ने किया शुभारंभ, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण पर दिया विशेष जोर

धमतरी। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस एवं राज्य के गौरवशाली 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शासकीय नारायणराव मेघावाले कन्या महाविद्यालय, धमतरी में रजत जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित विशेष संगोष्ठी में छात्राओं, प्रबुद्धजनों और जनप्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों एवं भविष्य की चुनौतियों पर विचार साझा किए। पूरे कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय प्रांगण उत्साह और ऊर्जा से सराबोर दिखाई दिया।नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की स्थापना 1 नवंबर 2000 हमारे लिए ऐतिहासिक क्षण था। बीते 25 वर्षों की यह यात्रा संघर्ष, समर्पण और विकास की मिसाल है। शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में जो उपलब्धियां मिली हैं, वे आने वाले समय की और भी बड़ी संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त करती हैं।महापौर ने आगे कहा कि आने वाला समय युवाओं का है और विशेषकर छात्राओं की भूमिका समाज एवं राष्ट्र निर्माण में निर्णायक होगी।इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य एवं जनभागीदारी अध्यक्ष, गर्ल्स कॉलेज धमतरी, श्रीमती धनेश्वरी साहू ने की.पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरु निषाद ने कहा कि छत्तीसगढ़ का रजत महोत्सव हमें गर्व का अनुभव कराता है और यह अवसर भविष्य की नई दिशा तय करने का भी है।
भाजपा जिला महामंत्री एवं मुख्य वक्ता श्री महेन्द्र पंडित ने कहा कि शिक्षा ही राज्य की वास्तविक शक्ति है। आत्मनिर्भर युवा ही सशक्त छत्तीसगढ़ का निर्माण करेंगे।
विशिष्ट अतिथि विनय जैन ने शिक्षा और संस्कृति के संतुलन को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।कार्यक्रम में छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध परंपरा और लोकसंस्कृति को जीवंत किया। राज्य की 25 वर्षों की विकास यात्रा पर आधारित नृत्य-नाटिका और भाषण प्रतियोगिता ने उपस्थित जनसमूह को भावुक कर दिया और खूब सराहना बटोरी।समारोह का संचालन महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने किया। अंत में प्राचार्य डॉ. अनिता राजपुरिया ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन न केवल स्मरणीय रहेगा, बल्कि छात्राओं को समाज व राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने की प्रेरणा भी देगा।
