रन फॉर यूनिटी पदयात्रा 8 को, आमदी से प्रारंभ होकर गांधी चौक तक निकाली जाएगी पदयात्रा
लौह पुरुष सरदार पटेल की 150 वीं जयंती पर संसदीय क्षेत्र में अलग अलग स्थानों पर होगी 3 दिवसीय पदयात्रा
6 को महासमुंद, 7 को गरियाबंद और 8 को धमतरी में होगा आयोजन
धमतरी। केंद्र की मोदी सरकार ने भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 वीं जयंती पर एकता एवं सद्भावना पदयात्रा करने का निर्णय लिया है। इसके लिए प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में अलग अलग स्थानों पर कम से कम 3 दिवसीय पदयात्रा करने की रूपरेखा बनाई गई है। महासमुंद लोकसभा में यह आयोजन 6 से 8 नवंबर को संपन्न होगा। कार्यक्रम की संयोजक लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी ने बताया कि 150 वीं जयंती पर केंद्र की मोदी सरकार ने 31 अक्टूबर से 25 नवंबर के बीच देश भर में एकता और सद्भावना पदयात्रा निकालने का निर्णय लिया है। यात्रा के दौरान प्रमुख नगरों और कस्बों में सभाएं भी आयोजित की जायेंगी। उसके पश्चात प्रत्येक जिले से 5 युवाओं का चयन कर रोड यात्रा के अंतर्गत दिल्ली, नागपुर, मुंबई, जयपुर भेजा जायेगा। वहां से इन युवाओं की टोली सरदार पटेल की जन्मस्थली बसों द्वारा करमसद (गुजरात) पहुंचेगी। करमसद से केवडिय़ा तक लगभग 150 किमी की राष्ट्रीय पदयात्रा 26 नवंबर से प्रारंभ होकर 6 दिसंबर तक केवडिय़ा पहुंचेगी जहां नर्मदा नदी के किनारे सरदार सरोवर बांध पर सरदार पटेल की विश्व की सबसे ऊंची स्टेच्यू स्टेच्यू ऑफ यूनिटी बनी है। पदयात्रा का आयोजन प्रशासन द्वारा किया जाएगा जिसमें सांसद, विधायक सहित सभी जनप्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। भारतीय जनता पार्टी संगठन भी इस यात्रा में अपनी सक्रिय सहभागिता देगा। पार्टी ने इसके लिए अलग अलग स्तर पर समितियों का गठन भी किया है। केंद्रीय समिति (लोकसभा स्तरीय) की संयोजक सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी होंगी। सह संयोजक महासमुंद जिलाध्यक्ष एतराम साहू होंगे। समिति में सांसद, जिलाध्यक्ष, जिलों के विधायक, जिला पंचायतों के अध्यक्ष, निगम मंडल आयोग के अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, जिलों के महामंत्री, महापौर, सभापति, नगर पालिका एवं पंचायतों के अध्यक्ष, जनपद पंचायतों के अध्यक्ष के साथ साथ विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए भी प्रभारी बनाये गए हैं। इनमें मुख्य रूप से लोकसभा स्तर पर मीडिया प्रभारी कविंद्र जैन, सोशल मीडिया प्रभारी नवीन साहू, चिकित्सा प्रबंधन डॉ विमल चोपड़ा, प्रचार सामग्री प्रदीप चंद्राकर, यातायात प्रबंधन राहुल चंद्राकर एवं स्वच्छता प्रभारी हनी गंभीर तथा राजू साहू होंगे। मीडिया प्रभारी कविंद्र जैन ने बताया कि पदयात्रा की शुरुआत 6 नवंबर को महासमुंद के ग्राम बेलसोंडा से होगी। सभा को संबोधित करने मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व मंत्री एवं कुरूद के विधायक अजय चंद्राकर होंगे। उनके साथ महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा एवं डॉ विमल चोपड़ा भी वक्ता के रूप में सभा को संबोधित करेंगे। इसी प्रकार 7 नवंबर को गरियाबंद में पदयात्रा संपन्न होगी। धमतरी विधानसभा अंतर्गत नगर पंचायत आमदी के बाजार चौक में 8 नवंबर को प्रात: 10 बजे एक सभा के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। वहां से सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं और समाज जनों के साथ रन फॉर यूनिटी पदयात्रा आगे बढ़ेगी। ग्राम पोटियाडीह में स्वागत सभा होगी, उसके पश्चात यात्रा ग्राम मुजगहन पहुंचेगी। मुजगहन में बाजार शेड में एक सभा का आयोजन किया गया है। वहां से आगे चलकर स्वामी विवेकानंद जी मूर्ति पर पदयात्रियों द्वारा माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया जायेगा। यात्रा का स्वागत शहर में विभिन्न समाज और वर्गों के द्वारा यात्रा मार्ग पर किया जाएगा।