Uncategorized

भारत नशा मुक्ति संदेश लेकर धमतरी के युवा तुलसीराम साहू साइकिल से हुए नागपुर रवाना

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर दी शुभकामनाएं

धमतरी, 11 नवम्बर 2025/धमतरी जिले के ग्राम पतेरापारा निवासी युवा तुलसीराम साहू ने समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने के उद्देश्य से आज साइकिल यात्रा की शुरुआत की। वे धमतरी से नागपुर (महाराष्ट्र) के लिए रवाना हुए। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया और उनके जुझारू एवं प्रेरणादायी कार्य की सराहना की।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने तुलसीराम से आत्मीय बातचीत करते हुए उनकी यात्रा संबंधी तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने सर्द मौसम को देखते हुए आवश्यक सामग्री, गर्म कपड़े आदि साथ रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि, “आपका यह प्रयास पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। दृढ़ संकल्प और सामाजिक चेतना से ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
उल्लेखनीय है कि तुलसीराम साहू इससे पूर्व भी साइकिल से छह राज्यों कृ छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब – की यात्रा पूरी कर चुके हैं। उन्होंने इस दौरान 32 दिनों में लगभग 5200 किलोमीटर का सफर तय किया था। यह यात्रा उन्होंने 6 अप्रैल 2025 (रामनवमी) के पावन अवसर पर माँ विंध्यवासिनी मंदिर धमतरी से प्रारंभ की थी, जिसका उद्देश्य था-“नशे के खिलाफ जन-जागृति”
’नशा विरोध की प्रेरणाः अनुभव से निकला अभियान
तुलसीराम ने बताया कि इस अभियान की प्रेरणा उन्हें व्यक्तिगत अनुभवों से मिली। उनके छोटे भाई की मानसिक स्थिति नशे की लत के कारण बिगड़ गई थी, जिससे वे गहराई से प्रभावित हुए। बचपन में भी उन्होंने कई बच्चों को नशे की चपेट में आते देखा था। इन घटनाओं ने उन्हें नशा मुक्ति के लिए समर्पित जीवन जीने की प्रेरणा दी।’
उन्होंने बताया कि नागपुर पहुंचने के बाद वे 16 नवम्बर को धमतरी के लिए वापस लौटेंगे। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग की संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री पवन प्रेमी, उप संचालक डॉ. मनीषा पाण्डे, सहित खेल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!