Uncategorized

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में मनाया गया आवास दिवस

पीएम आवास योजना-ग्रामीण के निर्माण कार्यों में तेजी लाने, हितग्राहियों की समस्याओं के समाधान और 90 दिवस में आवास पूर्ण करने पर जोर

धमतरी- सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले की ग्राम पंचायतों में आज आवास दिवस का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के अंतर्गत ग्रामीण परिवारों को पक्का एवं गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में आवास निर्माण कार्यों को गति देने, हितग्राहियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। यह आयोजन मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा के निर्देशन में किया गया।
आवास दिवस के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर हितग्राहियों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित कर प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से संबंधित विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई। अधिकारियों एवं मैदानी अमले द्वारा निर्माणाधीन आवासों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा मौके पर पहुंचकर आवास निर्माण का निरीक्षण किया गया। हितग्राहियों को आवास निर्माण की तकनीकी प्रक्रिया, जियोटैगिंग, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज तथा योजना के तहत मिलने वाली सहायता के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।

90 दिवस में आवास पूर्ण करने के लक्ष्य पर विशेष फोकस

आवास दिवस का प्रमुख उद्देश्य पीएमएवाई-जी के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर 90 दिवस में आवास पूर्ण करने के लक्ष्य को हासिल करना है। इसके लिए पंचायत स्तर पर निर्माणाधीन आवासों की नियमित निगरानी, हितग्राहियों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन तथा निर्माण में आने वाली समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही हितग्राहियों को समय पर मजदूरी भुगतान सहित योजना से जुड़ी अन्य सुविधाओं की जानकारी दी गई।

आवास के साथ रोजगार और खाद्यान्न योजनाओं की जानकारी

सेवा संकल्प अभियान के तहत आवास दिवस को ग्रामीण परिवारों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का समेकित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से रोजगार दिवस एवं चावल महोत्सव जैसी गतिविधियों से भी जोड़ा गया। इससे ग्रामीणों को आवास निर्माण के साथ-साथ रोजगार, मजदूरी भुगतान और खाद्यान्न से संबंधित योजनाओं की जानकारी एक ही मंच पर प्राप्त हुई। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनी गईं तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।

हितग्राही-केंद्रित सेवाओं को प्राथमिकता

सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को पात्र हितग्राहियों तक सरल, सुगम और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है। इसी क्रम में आवास दिवस के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को आवास योजना से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी देने के साथ निर्माण कार्य में आ रही व्यवहारिक एवं तकनीकी कठिनाइयों को मौके पर दूर करने का प्रयास किया गया। पंचायत स्तर के मैदानी अमले को हितग्राहियों के साथ निरंतर संपर्क रखते हुए निर्माण कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार को समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण पक्का आवास उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों एवं पंचायत अमले को निर्देशित किया कि निर्माणाधीन आवासों की नियमित निगरानी करें, तकनीकी एवं अन्य समस्याओं का तत्काल समाधान करें तथा हितग्राहियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करें, ताकि निर्धारित 90 दिवस में आवास पूर्ण करने के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सके।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। आवास दिवस इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित, सम्मानजनक और गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराने के कार्य को और गति मिलेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!