सेवा संकल्प अभियान: नगरी में 8 अक्टूबर को जनकल्याणकारी शिविर
दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण, तथा रक्तदान एवं मासिक धर्म जागरूकता कार्यक्रम होंगे आयोजित

धमतरी- जिले में नागरिकों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत 8 अक्टूबर को नगरी में जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर श्री श्रृंगी ऋषि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान, नगरी में सुबह 10 बजे से आयोजित होगा।
शिविर में विभिन्न वर्गों के नागरिकों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने के साथ-साथ जनजागरूकता और सामाजिक सहभागिता से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरणों का वितरण, मासिक धर्म स्वच्छता एवं जागरूकता शिविर, रक्तदान शिविर तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में स्मार्ट टीवी वितरण प्रमुख रूप से शामिल हैं।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को पात्र हितग्राहियों तक सहज, सरल और प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। जिला प्रशासन द्वारा विशेष रूप से ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं, जिनसे जरूरतमंद नागरिकों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए अनावश्यक परेशानी न हो और सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने नागरिकों से शिविर में सहभागी बनकर उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाने तथा जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
दिव्यांगजनों को सहायक उपकरणों के वितरण से उन्हें दैनिक जीवन की गतिविधियों में सुविधा और आत्मनिर्भरता प्रदान करने में मदद मिलेगी। वहीं, मासिक धर्म जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से किशोरियों एवं महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी आवश्यक जानकारी दी जाएगी। रक्तदान शिविर के माध्यम से नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इसी क्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों में स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराए जाने से बच्चों के लिए डिजिटल एवं रोचक शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक बाल शिक्षा तथा विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा।
जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे शिविर में सहभागी बनकर उपलब्ध सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उठाएं तथा जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाएं।

