अब घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच : मिली अत्याधुनिक हाईटेक एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन
महापौर, पूर्व विधायक एवं पुलिस अधीक्षक ने दिखाई हरी झंडी, साक्ष्य आधारित विवेचना को मिलेगी नई ताकत
वैज्ञानिक अनुसंधान से अपराधियों पर कसेगा शिकंजा, त्वरित जांच एवं मजबूत साक्ष्यों से बढ़ेगी दोषसिद्धि दर

धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा धमतरी पुलिस को उपलब्ध कराई गई अत्याधुनिक एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) मोबाइल यूनिट वैन का आज पुलिस लाईन रूद्री धमतरी में आयोजित औपचारिक कार्यक्रम में विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर महापौर जगदीश रामू रोहरा, पूर्व विधायक इंदरचंद चोपड़ा और पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार ने हरी झंडी दिखाकर हाईटेक एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन को रवाना किया। धमतरी पुलिस द्वारा लगातार गंभीर अपराधों, संवेदनशील प्रकरणों एवं संगीन मामलों की निष्पक्ष, प्रभावी एवं वैज्ञानिक तरीके से विवेचना की जा रही है। मजबूत अनुसंधान, साक्ष्य आधारित कार्यवाही एवं प्रभावी अभियोजन के परिणामस्वरूप केवल वर्ष 2026 में अब तक धमतरी पुलिस की विवेचना के आधार पर 06 आरोपियों को आजीवन कारावास (उम्रकैद) की सजा भी प्राप्त हुई है। अब एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन के जुडऩे से विवेचना प्रणाली और अधिक आधुनिक, त्वरित एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनेगी। महापौर जगदीश रामू रोहरा ने धमतरी पुलिस द्वारा आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग, वैज्ञानिक अनुसंधान एवं सशक्त पुलिसिंग की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में धमतरी पुलिस लगातार उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य कर रही है। पूर्व विधायक इंदरचंद चोपड़ा ने हाल फि़लहाल करीब दर्जन भर कठिन और चुनौतीपूर्ण प्रकरणों के निराकरण के लिए धमतरी पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निश्चित तौर पर जनता का विश्वास पुलिस पर बढ़ा है और आगे इस वैन से विवेचना को बल मिलेगा और पुलिस के हाथ मजबूत होंगे। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि वर्तमान समय में आधुनिक तकनीक एवं वैज्ञानिक अनुसंधान प्रभावी पुलिसिंग की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है। अपराधों की बदलती प्रकृति को देखते हुए पुलिसिंग को तकनीकी रूप से और अधिक सशक्त एवं आधुनिक बनाना आवश्यक है। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद श्रीमती रागिनी मिश्रा, डीएसपी साइबर भानूप्रताप चंद्राकर, डीएसपी सुश्री मोनिका मरावी, डीएसपी सुश्री मीना साहू, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, एफएसएल टीम, मीडिया प्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अब स्पॉट में मिलेगी यह सुविधाएं
यह हाईटेक मोबाइल यूनिट घटनास्थल पर पहुंचकर तत्काल वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन, फिंगरप्रिंट परीक्षण, डिजिटल एवं भौतिक साक्ष्यों का संरक्षण, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी तथा अन्य तकनीकी जांच कार्य करने में सक्षम होगी इससे घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक परीक्षण संभव हो सकेगा, साक्ष्यों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित होगी तथा न्यायालय में अपराधियों के विरुद्ध और अधिक मजबूत प्रमाण प्रस्तुत किए जा सकेंगे। मोबाइल यूनिट वैन को वैज्ञानिक अधिकारी अमित कुमार पटेल द्वारा विधिवत धमतरी लाया गया।