Uncategorized

अवैध धान भण्डारण, परिवहन और पुनर्चक्रण पर प्रशासन की कड़ी निगरानी:जिले में अब तक 32 प्रकरण दर्ज, 1,441.05 क्विंटल अवैध धान जप्त

धमतरी- जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं सुचारू बनाए रखने तथा अवैध धान के भण्डारण, परिवहन और पुनर्चक्रण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सख्त निगरानी की जा रही है। इसके लिए जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर विशेष उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया है। इन दलों में राजस्व, मंडी, खाद्य, सहकारिता एवं कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उड़नदस्ता दलों द्वारा लगातार निरीक्षण एवं जांच कर अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अनियमितता पाए जाने पर मंडी अधिनियम 1972 के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

धान के अवैध परिवहन पर नियंत्रण के लिए ओडिशा सीमा से लगे जिले के बोराई (घुटकेल), बांसपानी, बनरौद, सांकरा, जैतपुरी एवं मोहेरा में छह चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। इन चेकपोस्टों पर नगर सैनिक, वन विभाग, मंडी एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इनके माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्रों से आने-जाने वाले वाहनों एवं धान के परिवहन की सतत निगरानी की जा रही है। संदिग्ध वाहनों की जांच कर धान के परिवहन से संबंधित दस्तावेजों एवं आवश्यक अभिलेखों का परीक्षण भी किया जा रहा है।
प्रशासन द्वारा की जा रही कार्रवाई के तहत जिले में अब तक अवैध धान संग्रहण एवं परिवहन के कुल 32 प्रकरण दर्ज किए गए हैं तथा मंडी अधिनियम 1972 के तहत कार्रवाई करते हुए 1,441.05 क्विंटल धान जप्त किया गया है। गठित उड़नदस्ता दलों द्वारा सीमावर्ती चेकपोस्टों के साथ-साथ विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं संदिग्ध स्थानों की भी लगातार जांच की जा रही है।
जिला प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का लाभ वास्तविक एवं पात्र किसानों को मिले। अवैध रूप से धान का संग्रहण, दूसरे राज्यों से धान लाकर खपाने तथा खरीदे गए धान के पुनर्चक्रण जैसी गतिविधियों से शासन की खरीदी व्यवस्था प्रभावित न हो। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर निगरानी और जांच की कार्रवाई निरंतर जारी है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध भण्डारण अथवा परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किसानों से अपील की गई है कि वे शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही धान का विक्रय करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दें।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!