मितानिन दिवस पर महापौर रामू रोहरा ने शहरी मितानिनों का किया सम्मान, स्वास्थ्य सेवाओं में उनके योगदान को सहारा

धमतरी- मितानिन दिवस के अवसर पर विंध्यवासिनी वार्ड स्थित नवीन सामुदायिक भवन, धमतरी में शहरी मितानिन दीदियों के सम्मान में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि नगर निगम के महापौर रामू रोहरा ने शहरी मितानिनों को सम्मानित कर उनके सेवाभाव, समर्पण एवं समाज के प्रति महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा ने कहा कि मितानिन दीदियां स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत कड़ी हैं। वे घर-घर तक पहुंचकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने, गर्भवती माताओं एवं नवजात शिशुओं की देखभाल, बच्चों के टीकाकरण, पोषण और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विशेषकर जरूरतमंद एवं वंचित परिवारों तक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पहुंचाने में उनका योगदान सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि मितानिन दीदियां विपरीत परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करती हैं। उनका कार्य केवल स्वास्थ्य सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि वे समाज में जागरूकता, विश्वास और सेवा की भावना को भी मजबूत करती हैं। उनके अथक प्रयासों और समर्पण के कारण ही शासन की स्वास्थ्य योजनाएं आम नागरिकों तक प्रभावी रूप से पहुंच पा रही हैं।
महापौर ने सभी मितानिन दीदियों को मितानिन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि समाज के प्रति उनके निस्वार्थ सेवा भाव का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।
इस सम्मान समारोह में एमआईसी सदस्य अखिलेश सोनकर, युगल किशोर यादव, हिमानी साहू, पार्षद चंद्रभागा साहू, अज्जू देशलहरे, गजेंद्र कंवर, कुलेश सोनी, आशा लोधी, शैलेश रजक, एल्डरमैन भागवत यादव, सीमा चौबे, धनीराम सोनकर, नंदू लोधी, भागवत साहू सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं शहरी मितानिन दीदियां उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में मितानिन दीदियों के योगदान को सम्मानपूर्वक याद करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। यह आयोजन समाज के स्वास्थ्य और जनकल्याण के लिए निरंतर समर्पित रहने वाली मितानिन दीदियों के सम्मान एवं उत्साहवर्धन का सराहनीय प्रयास रहा।