स्वच्छता पर निगम की बड़ी कार्रवाई: 33 लोगों पर 24,600 रुपये जुर्माना, शहरभर में चला सख्त अभियान
स्वच्छता अधिकारी के नेतृत्व में निगम की टीम ने सुबह से ही विभिन्न वार्डों और बाजार क्षेत्रों का किया निरीक्षण

हमारा लक्ष्य धमतरी को स्वच्छ और अनुशासित शहर बनाना है-शशांक मिश्रा
धमतरी- नगर निगम धमतरी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। स्वच्छता को लेकर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में शनिवार को निगम द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में व्यापक जांच अभियान चलाया गया, जिसमें 33 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 24,600 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
यह विशेष अभियान अम्बेडकर चौक से श्यामतराई मंडी तक, सिहावा चौक से नहर नाका तक तथा बस स्टैंड से अर्जुनी मार्ग तक चलाया गया। इन स्थानों पर सार्वजनिक जगहों पर कचरा फेंकने, सड़क किनारे गंदगी फैलाने, नालियों में अपशिष्ट डालने तथा स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों एवं दुकानदारों पर तत्काल जुर्माना लगाया गया।
नगर निगम आयुक्त प्रिया गोयल के निर्देश पर स्वच्छता अधिकारी शशांक मिश्रा के नेतृत्व में निगम की टीम ने सुबह से ही विभिन्न वार्डों और बाजार क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने दुकानदारों को समझाइश भी दी कि वे अपने प्रतिष्ठानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखें और कचरे का निर्धारित स्थान पर ही निपटान करें।
अभियान के दौरान कई जगहों पर लोगों को खुले में कचरा फेंकते हुए पकड़ा गया, जिस पर मौके पर ही चालानी कार्रवाई की गई। निगम अधिकारियों ने बताया कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद कुछ लोग आदतों में सुधार नहीं कर रहे हैं, जिसके चलते अब सख्ती जरूरी हो गई है।
इस संबंध में आयुक्त प्रिया गोयल ने कहा, शहर की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है, लेकिन नागरिकों के सहयोग के बिना यह संभव नहीं है। जो लोग नियमों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। हमारा लक्ष्य धमतरी को स्वच्छ और अनुशासित शहर बनाना है, इसलिए सभी नागरिकों से अपील है कि वे स्वच्छता नियमों का पालन करें और शहर को साफ रखने में अपना योगदान दें।
वहीं स्वच्छता अधिकारी शशांक मिश्रा ने कहा, नगर निगम द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, इसके बावजूद कुछ लोग नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। ऐसे लोगों पर तत्काल जुर्माना लगाया जा रहा है। हमारी टीम रोजाना विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर रही है और आगे भी यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नागरिकों से अपील है कि वे कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और शहर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।”
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छता को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में यह अभियान और भी तेज किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमित रूप से कार्रवाई जारी रहेगी।
गौरतलब है कि इसके पहले 8 मई को निगम प्रशासन ने गन्दगी फैलाने वाले 23 लोगो के खिलाफ कारवाई करते हुए 21700 और एक दिन पहले 17 लोगो के खिलाफ 27500 का जुर्माना लगाया गया था, वही इसी माह की 6 तारीख को 9 लोगो के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 28800 का जुर्माना वसूला गया था,दिलचस्प बात यह है कि इसी दिन गन्दगी फैलाने पर दो डेयरी को सील भी किया गया था
आज की कार्रवाई में निगम टीम से सुपरवाइजर धनेश सिन्हा, श्यामू सोना,गोविंद पात्रे,मुकेश साहू,सुरेंद्र सिन्हा, यशवंत पटेल,मुन्ना लाल,गिरवर सिन्हा, कुश नायक ,बंशी,दीप आदि शामिल थे
बहरहाल निगम की इस कारवाई से अब लगता है जिला मुख्यालय धमतरी स्वच्छता की दिशा में अलग मुकाम हासिल करेगा,