Uncategorized

स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण भोजन हेतु रसोइयों को मिल रहा उन्नत फॉस्टेक प्रशिक्षण

धमतरी, 02 दिसंबर 2025/ नियंत्रक महोदय, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर के मार्गदर्शन में जिले में मध्यान्ह भोजन रसोइयों का फॉस्टेक (FOSTAC) प्रशिक्षण 1 से 10 दिसंबर 2025 तक आयोजित किया जा रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग के समन्वय से संचालित इस प्रशिक्षण में धमतरी जिले के लगभग 1132 शासकीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी आवश्यक मानकों की जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण देने के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI), नई दिल्ली से अधिकृत प्रशिक्षक धमतरी पहुंचे हैं। प्रशिक्षण के दौरान रसोइयों को मध्यान्ह भोजन के निर्माण, भंडारण और परोसने की प्रक्रिया में अपनाई जाने वाली खाद्य सुरक्षा मानक, स्वच्छता नियम, हाथ धोने की विधि, बर्तनों की सफाई, साफ पानी का उपयोग तथा फूड प्वाइजनिंग की रोकथाम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया जा रहा है।
खाद्य सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों को ऑडियो-वीडियो माध्यम से भी प्रदर्शित किया गया, जिससे रसोइयों को व्यावहारिक समझ विकसित करने में सहायता मिली। आज 2 दिसंबर को भखारा में आयोजित प्रशिक्षण सत्र में 130 रसोइयों ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा कार्यालय कुरूद से श्री गुरूनारायण साहू, अभिहित अधिकारी श्री सर्वेश कुमार यादव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री फनेश्वर पिथौरा तथा नमूना सहायक श्री गिरजा शंकर वर्मा उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण पूर्ण होने पर सभी रसोइयों को प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे, जिससे जिले में मध्यान्ह भोजन वितरण की गुणवत्ता और अधिक सुदृढ़ होगी।
अधिकारियों ने यह भी कहा कि इस प्रशिक्षण से रसोइयों की क्षमता में वृद्धि होगी, जिससे बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के राज्य शासन के उद्देश्य को और मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!