Uncategorized

धान खरीदी प्रक्रिया का कलेक्टर श्री मिश्रा ने लिया जायज़ा, किसानों से की सीधे बातचीत

कलेक्टर ने सांकरा केंद्र में व्यवस्थाओं की जाँच की, किसान हित में दिए महत्वपूर्ण निर्देश

धमतरी-कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने नगरी विकासखंड के ग्राम सांकरा स्थित धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर खरीदी व्यवस्था का जायज़ा लिया। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत धान उपार्जन कार्य 15 नवंबर से सुचारु रूप से जारी है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र में की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं व सुझावों को सुना। उन्होंने खरीदी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और किसान-हितैषी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
एसडीएम सुश्री प्रीति दुर्गम और विभागीय अधिकारियों ने धान खरीदी की तैयारियों, प्रगति एवं अब तक की स्थिति की विस्तृत जानकारी दी। कलेक्टर ने केंद्र में बारदाना उपलब्धता, डेनेज व्यवस्था, परिवहन, टोकन प्रणाली, इंटरनेट कनेक्टिविटी, बायोमेट्रिक स्टैकिंग एवं ऑपरेटर की उपलब्धता जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने मौके पर धान की बोरी का तौल कर वजन की शुद्धता की जांच की तथा शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप खरीदी करने के स्पष्ट निर्देश दिए। आर्द्रतामापी यंत्र से धान की नमी की जांच करते हुए उन्होंने अधिकारियों को किसी भी प्रकार की अनियमितता न होने देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने किसानों के लिए पेयजल, छाया एवं बैठने की सुविधाओं को और बेहतर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि “धान खरीदी राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों को बिना किसी बाधा और परेशानी के सभी सुविधाएँ उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीदी प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी रहे, टोकन वितरण से लेकर वजन प्रक्रिया तक शत-प्रतिशत शुचिता सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी किसान को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!