Uncategorized

कलेक्टर श्री मिश्रा ने धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाने दिए सख्त निर्देश

अवैध धान परिवहन पर ज़ीरो टॉलरेंस चार दिन में लंबित कार्य पूरा करने का आदेश

धमतरी 08 दिसंबर 2025/- कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में धान खरीदी की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूरे जिले में धान खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, व्यवस्थित और किसान हितैषी सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक किसान को बिना किसी परेशानी, देरी और भ्रम के अपना धान बेचने की सुविधा मिले।
बैठक में कलेक्टर ने रकबा समर्पण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन किसानों ने समितियों में धान बेचा है, उनका रकबा समर्पण तत्काल पूरा कराया जाए। इस कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर ने धान विक्रय टोकन वितरण की प्रक्रिया को सरल और सुचारू बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि छोटे और सीमांत किसानों को प्राथमिकता के साथ टोकन उपलब्ध कराए जाएं। इसके साथ ही यूएफआर से जुड़े सभी लंबित कार्यों को चार दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
धान खरीदी केंद्रों की निगरानी को मजबूत करने के लिए कलेक्टर ने सभी समितियों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर उनका लाइव व्यू कलेक्टर कक्ष में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि खरीदी और उठाव की नियमित मॉनिटरिंग की जा सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध धान परिवहन एवं कोचियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी टीमों को सतर्क रहते हुए प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने कहा गया।
बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहरी, डिप्टी कलेक्टर श्री मनोज मरकाम, खाद्य अधिकारी श्री बसंत कोराम, उप संचालक कृषि श्री मुनेश साहू, सीओसीसीबी के श्री गोस्वामी सहित विभिन्न समितियों के प्रबंधक उपस्थित रहे। जिले में धान खरीदी व्यवस्था और अधिक पारदर्शी, किसान हितैषी एवं मजबूत होगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!