Uncategorized

आकृति प्ले स्कूल का वार्षिक उत्सव उत्साह के साथ संपन्न,मुख्य अतिथि रामू रोहरा का शाला समिति द्वारा किया गया भव्य स्वागत

धमतरी। आकृति प्ले स्कूल द्वारा वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन आमंत्रण हेरिटेज साहू सदन, रूद्री (धमतरी) में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा उपस्थित रहे। उन्होंने मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
अपने उद्बोधन में महापौर श्री रोहरा ने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास की सुदृढ़ नींव होती है। प्ले स्कूल बच्चों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं सामाजिक विकास को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं, जिससे उनमें नेतृत्व क्षमता एवं आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों को सफल आयोजन हेतु बधाई दी।कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें समूह नृत्य, देशभक्ति गीत, लघु नाटक, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता एवं विभिन्न थीम आधारित प्रस्तुतियां शामिल रहीं। बच्चों की मासूम अदाओं और आत्मविश्वास से परिपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। पूरे सभागार में तालियों की गूंज से उत्साह का वातावरण बना रहा।विद्यालय की प्राचार्या एवं स्टाफ द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की वार्षिक गतिविधियों, शैक्षणिक उपलब्धियों एवं भावी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रस्तुत की गई।कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!