Uncategorized

अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत जिले के 12 वृद्धजनों का एम्स रायपुर में मोतियाबिंद का सफल ऑपरेशन


धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत धमतरी जिले के 12 वरिष्ठ नागरिकों का मोतियाबिंद (कैटरैक्ट) ऑपरेशन सफलतापूर्वक कराया गया। सभी हितग्राहियों का नि:शुल्क ऑपरेशन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किया गया। ऑपरेशन के पश्चात सभी की स्वास्थ्य स्थिति सामान्य एवं संतोषजनक है। समाज कल्याण विभाग द्वारा पूर्व स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया एवं समन्वय कर चयनित वृद्धजनों को एम्स रायपुर भेजा गया, जहां आधुनिक तकनीक से शल्यक्रिया की गई। ऑपरेशन के बाद हितग्राहियों की दृष्टि में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले के सभी विकासखंडों में सर्वे कर जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों की पहचान सुनिश्चित की जाए तथा पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध रूप से योजना का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि ऑपरेशन के बाद नियमित फॉलोअप, दवा वितरण एवं आवश्यक परामर्श की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ऑपरेशन से लाभान्वित हितग्राहियों में दुजराम साहू (ग्राम बोडरा), केशव यादव (ग्राम डोमा), राम कुमार कुर्रे (ग्राम करेटा), कार्तिक राम देवांगन (ग्राम भटगांव), ईश्वर चंद क्रिस्टी (ग्राम जोधापुर, धमतरी), श्रीमती बिसाखा साहू (ग्राम तरसींवा), नरेश कुमार ध्रुव (ग्राम नगरी, वार्ड 06), नंद कुमार (ग्राम पंडरीपानी, छिपलीपारा नगरी), महेन्द्र कुमार सोनी (ग्राम डीहीपारा, नगरी), पुखराज देवांगन (ग्राम नगरी), श्रीमती दुलारी बाई (ग्राम सांकरा, मगरलोड) एवं झुमुक लाल (ग्राम बकोरी, मगरलोड) शामिल हैं। उप संचालक समाज कल्याण विभाग ने बताया कि आगे भी चरणबद्ध रूप से पात्र वरिष्ठ नागरिकों को चिन्हित कर नि:शुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकें।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!