Uncategorized

धमतरी में 27 को भाजपा का पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान, जिला स्तरीय कार्यशाला होगी आयोजित


धमतरी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठन को और अधिक सशक्त एवं कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत धमतरी जिले में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यशाला 27 फरवरी को सुबह 9:30 बजे भाजपा जिला कार्यालय, गोविंद सारंग भवन, विवेकानंद वार्ड क्रमांक 37 धमतरी में आयोजित होगी। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यशाला में जिला पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति सदस्य, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, सभी मोर्चा के जिलाध्यक्ष तथा प्रशिक्षण टोली के सदस्य भाग लेंगे। इस कार्यशाला का उद्देश्य संगठन की कार्यप्रणाली, पार्टी की विचारधारा तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी कार्यकर्ताओं तक पहुंचाना है, ताकि वे समाज के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और योजनाओं को प्रभावी रूप से प्रस्तुत कर सकें। कार्यक्रम की शुरुआत प्रात: 9:30 बजे जलपान एवं पंजीयन से होगी। इसके बाद उद्घाटन सत्र में अतिथियों का स्वागत, दीप प्रज्वलन, वंदे मातरम् तथा कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया जाएगा। उद्घाटन सत्र में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस अध्यक्षीय संबोधन देंगे। इसके साथ ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के विषय में संजय श्रीवास्तव द्वारा विस्तार से जानकारी दी जाएगी। द्वितीय सत्र में प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत मंडल स्तर पर प्रशिक्षण की रूपरेखा, विभिन्न विषयों के लिए वक्ताओं का चयन एवं प्रशिक्षण की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद तृतीय सत्र में आयुष्मान दीक्षित द्वारा पीपीटी के माध्यम से नवाचार विषय पर प्रस्तुति दी जाएगी। चतुर्थ सत्र में नवीन मार्कण्डेय द्वारा पीपीटी पंच परिवर्तन विषय पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। कार्यक्रम के समापन सत्र में लता उसेंडी द्वारा जिज्ञासा समाधान एवं समापन उद्बोधन किया जाएगा। भाजपा के इस प्रशिक्षण महाअभियान का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और जनसेवा के मूल सिद्धांतों से अवगत कराना है, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला प्रशिक्षण टोली के सदस्य देवेंद्र दुबे, मनीष देवांगन, हेमंत सेन, अनीश दत्त एवं शुभम जायसवाल से संपर्क किया जा सकता है। उक्त जानकारी भाजपा जिला कार्यालय से जिला मीडिया प्रभारी उमेश साहू द्वारा जारी की गई।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!