Uncategorized

धमतरी विधानसभा को मिली 3 अत्याधुनिक एंबुलेंस, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं होंगी और मजबूत

महापौर रामू रोहरा ने दिखाई हरी झंडी, जनता को किया समर्पित

धमतरी। जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए धमतरी को कुल 10 नई एंबुलेंस प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 3 अत्याधुनिक एंबुलेंस धमतरी विधानसभा क्षेत्र को उपलब्ध कराई गई हैं। इन एंबुलेंस में एडवांस लाइफ सपोर्ट सिस्टम की सुविधा है, जो गंभीर रूप से बीमार और दुर्घटना में घायल मरीजों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी।इन अत्याधुनिक एंबुलेंस में वेंटिलेटर, कार्डियक मॉनिटर, ऑक्सीजन सपोर्ट सहित अन्य आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध हैं, जिससे मरीजों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही प्राथमिक उपचार मिल सकेगा। इससे गंभीर मरीजों की जान बचाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।1 अप्रैल को जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महापौर रामू रोहरा ने इन एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पार्षद गण अज्जू देशलहरे, संतोष सोनकर, गजेंद्र कंवर, संजय देवांगन, चन्द्रभागा साहू, मुकेश शर्मा, महेन्द्र खंडेलवाल एवं गोपाल साहू की उपस्थिति रही। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से सी एम एच ओ डॉ. यू.एल. कौशिक, सिविल सर्जन डॉ. अरुण टोंडर, डॉ. आदित्य सिन्हा, डॉ. जी.पी. दीवान तथा डीपीएम प्रिया कंवर भी मौजूद रहे।
धमतरी क्षेत्र में इन 3 नई एंबुलेंस के जुड़ने से शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में एंबुलेंस सेवाएं और अधिक सुलभ एवं सशक्त होंगी। विशेष रूप से दूरस्थ अंचलों में रहने वाले लोगों को आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी में बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, आपातकालीन स्थिति में हर मिनट महत्वपूर्ण होता है। इन अत्याधुनिक एंबुलेंस के माध्यम से हम मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में सक्षम होंगे, जिससे कई गंभीर स्थितियों में जीवन बचाया जा सकेगा।
महापौर ने आगे कहा कि शासन और प्रशासन मिलकर जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार सुदृढ़ कर रहे हैं और आने वाले समय में और भी सेवाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े।
नई एंबुलेंस की उपलब्धता से निश्चित रूप से धमतरी की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और आमजन को बड़ी राहत प्राप्त होगी।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!