Uncategorized

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश : योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें

धमतरी-कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिले के सभी विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की गहन एवं बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शासन की सभी योजनाओं का क्रियान्वयन लक्ष्यानुरूप, पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी सहित जिला स्तरीय अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में खाद्य, शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, आदिवासी विकास, ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, कृषि, लोक निर्माण, पीएमजीएसवाई, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा शहरी विकास एवं अवसंरचना विभागों की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने प्रत्येक विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिक्षा एवं कौशल विकास को प्राथमिकता

कलेक्टर ने शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए आगामी 24-25 अप्रैल को आयोजित होने वाली इंटर कॉलेज प्रतियोगिता की तैयारियों को व्यवस्थित एवं आकर्षक ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के अंतर्गत कॉलेजों के सुदृढ़ीकरण, नए शैक्षणिक प्रोजेक्ट, स्किल डेवलपमेंट सेंटर, इन्क्यूबेशन गतिविधियों तथा आईटीआई उन्नयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए इनमें और तेजी लाने को कहा। उन्होंने युवाओं को रोजगारोन्मुखी शिक्षा से जोड़ने पर विशेष बल दिया।

स्वास्थ्य एवं सामाजिक योजनाओं की संतोषजनक प्रगति

स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, टीबी एवं कुष्ठ उन्मूलन, सिकल सेल प्रबंधन, एनीमिया नियंत्रण तथा विशेष स्वास्थ्य शिविरों की प्रगति पर कलेक्टर ने संतोष व्यक्त किया। समाज कल्याण एवं आदिवासी कल्याण योजनाओं के तहत सक्षम योजना, छात्रावास उन्नयन, धरती आबा उत्कर्ष अभियान, पीएम-जनमन तथा आजीविका कार्यक्रमों को प्राथमिकता के साथ लागू करने के निर्देश दिए।

ग्रामीण विकास, कृषि एवं आजीविका पर फोकस

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, फसल विविधीकरण, उन्नत बीज वितरण, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं उद्यानिकी योजनाओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने किसानों की आय में वृद्धि तथा स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने हेतु योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने नवाचार आधारित कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग पर भी बल दिया।

उद्योग, एमएसएमई एवं रोजगार सृजन को बढ़ावा

औद्योगिक विकास के अंतर्गत भूमि उपलब्धता, पीएमईजीपी, एमएसएमई, लखपति दीदी योजना एवं निवेश प्रोत्साहन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकाधिक रोजगार सृजन हेतु ठोस एवं परिणामोन्मुखी पहल करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया।

शहरी विकास एवं आधारभूत संरचना का विस्तार

शहरी क्षेत्रों में सड़क, नाली, पेयजल, पार्क, स्टेडियम, सोलर परियोजनाओं एवं पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जनसुविधाओं के विस्तार एवं ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी लाने को कहा। उन्होंने बैंकिंग संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर ऋण वितरण को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही 14 अप्रैल को प्रस्तावित शहर भ्रमण के दौरान सभी संबंधित विभागों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए।

सड़क एवं प्रमुख परियोजनाओं में तेजी के निर्देश

लोक निर्माण विभाग एवं पीएमजीएसवाई के अंतर्गत स्वीकृत सड़कों, अनुरक्षण, भूमि अधिग्रहण एवं वन स्वीकृति की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी लंबित कार्यों को शीघ्र प्रारंभ एवं निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुदृढ़ सड़क नेटवर्क जिले के संतुलित एवं समावेशी विकास की आधारशिला है, जिससे आवागमन सुगम होने के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाएं समय-सीमा में पूर्ण कर निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए तथा गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

सिंचाई परियोजनाओं का होगा स्थल निरीक्षण

कलेक्टर ने नगरी-सांकरा क्षेत्र में संचालित सिंगपुर-दुगली नहर लाइनिंग कार्य का आगामी दिनों में स्थल निरीक्षण करने की बात कही। उन्होंने कार्य को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही नगरी विकासखंड की बहुप्रतीक्षित फुटहामुड़ा नहर निर्माण परियोजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए इसे प्राथमिकता से आगे बढ़ाने को कहा। कलेक्टर ने कहा कि जिले के समग्र एवं समावेशी विकास के लिए सभी विभागों को टीम भावना के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। अधिकारी फील्ड विजिट कर ग्रुप में फोटो शेयर करें ।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!