Uncategorized

बरसात से पहले निगम का बड़ा एक्शन:धमतरी में दूसरे दिन भी चला मेगा सफाई अभियान, नालों की युद्धस्तर पर सफाई

जमातखाना लाइन, परशुराम चौक, सोरिद क्षेत्र सहित कई वार्डों और गलियों में विशेष साफ-सफाई कराई गई

बड़े नालों से लेकर छोटी नालियों तक सफाई का काम तेज गति से किया जा रहा है, ताकि बारिश के दौरान कहीं भी पानी जमा न हो

धमतरी। शहर को जलभराव से बचाने और स्वच्छता के मानकों को मजबूत करने के लिए नगर निगम ने सफाई अभियान को पूरी ताकत के साथ जारी रखा है। अभियान के दूसरे दिन भी शहर के विभिन्न हिस्सों में व्यापक स्तर पर सफाई कार्य किए गए। जमातखाना लाइन, परशुराम चौक, सोरिद क्षेत्र सहित कई वार्डों और गलियों में विशेष साफ-सफाई कराई गई।
निगम सभापति कौशल्या देवांगन और स्वास्थ्य सभापति नीलेश लूनिया के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान में निगम का अमला पूरी सक्रियता के साथ मैदान में डटा हुआ है। बड़े नालों से लेकर छोटी नालियों तक सफाई का काम तेज गति से किया जा रहा है, ताकि बारिश के दौरान कहीं भी पानी जमा न हो।शहर के प्रमुख नालों में मशीनों के माध्यम से जमी गाद, कचरा और झाड़-झंखाड़ को हटाया जा रहा है। सफाई कर्मचारियों द्वारा सुरक्षा उपकरणों के साथ नालों में उतरकर काम किया जा रहा है, जिससे कार्य सुरक्षित और प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके। वहीं नालों के ऊपर और आसपास उगी झाड़ियों को भी हटाकर पानी के प्रवाह को सुचारू बनाने पर जोर दिया जा रहा है। निगम प्रशासन ने इस बार पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी हैं। छोटी नालियों को बड़े नालों से जोड़ने का कार्य भी तेजी से चल रहा है, ताकि वर्षा जल का निकास बिना रुकावट के हो सके। सड़कों के किनारे जमा कचरे को नियमित रूप से उठाकर ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंचाया जा रहा है, जिससे नालियों में कचरा जाने की समस्या पर नियंत्रण पाया जा सके।स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए निगम द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। अधिकारियों, सुपरवाइजरों और स्वच्छता दीदियों के साथ बैठक कर कार्ययोजना को और प्रभावी बनाया गया है। इसके साथ ही कचरा पृथक्करण, पॉलीथिन प्रतिबंध और जनजागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

सफाई को जन आंदोलन का रूप देना आवश्यक है-नीलेश लुनिया

स्वास्थ्य सभापति नीलेश लूनिया ने कहा कि सफाई को जन आंदोलन का रूप देना आवश्यक है। निगम अपने स्तर पर पूरी मेहनत कर रहा है, लेकिन शहरवासियों के सहयोग के बिना स्वच्छता का लक्ष्य अधूरा रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे कचरा निर्धारित स्थान पर ही दें और प्लास्टिक का उपयोग कम करें।
निगम का स्पष्ट लक्ष्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और जलभराव मुक्त बनाना है, जिसके लिए हर स्तर पर लगातार प्रयास जारी हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!