निगम जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर द्वारा पंप ऑपरेटरों को दिए गए जरूरी दिशा-निर्देश व समस्याओं के समाधान के निर्देश

धमतरी- नगर निगम धमतरी के जल विभाग में सभापति अखिलेश सोनकर द्वारा पंप ऑपरेटरों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ऑपरेटरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सभापति ने कहा कि जिस वार्ड में पंप चालू किया जा रहा है, वहां पंप स्टार्ट करने के बाद कम से कम 5 मिनट तक रुककर यह सुनिश्चित करें कि पानी की सप्लाई सही ढंग से हो रही है या नहीं। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि वार्डों में बंद पड़े या उपयोग में नहीं आ रहे ट्यूबवेल और पब्लिक टैप कनेक्शन की जानकारी संकलित कर विभाग को अवगत कराया जाए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन क्षेत्रों में नए मकान निर्माण या पुराने मकानों का डिस्मेंटल कार्य चल रहा है, वहां पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की संभावना रहती है। ऐसे मामलों में यदि कहीं पाइपलाइन टूटती है, तो उसकी सूचना तत्काल विभाग को दी जाए, ताकि समय रहते सुधार कार्य किया जा सके।
बैठक में सभी पंपों को निर्धारित समय पर चालू और बंद करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे जल आपूर्ति में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। इसके अलावा, पंप ऑपरेटरों की समस्याएं भी गंभीरता से सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जल विभाग के लिपिक दिनेश शर्मा, इंजीनियर लोमस देवांगन, पंचराम सिंह, मंगलु निर्मलकर, विकास कोल एवं खगेश यादव उपस्थित रहे। वहीं कुछ ऑपरेटर बैठक में अनुपस्थित पाए गए।सभापति ने अंत में सभी ऑपरेटरों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने और नागरिकों को नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित करने की अपील की।
