Uncategorized

बच्चों की रंगों से सजी प्रतिभा ने जीता सबका दिल

नगर पंचायत नगरी में आयोजित वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता में बच्चों ने दिया स्वच्छता, पर्यावरण और यातायात जागरूकता का संदेश

बच्चों में अपार प्रतिभा होती है, आवश्यकता केवल उन्हें सही मंच और प्रोत्साहन देने की होती है-बलजीत छाबड़ा

नगरी- नगर पंचायत नगरी क्षेत्र अंतर्गत बच्चों में छुपी हुई कलात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने एवं उनकी रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भव्य वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अनूठी प्रतियोगिता में नगरी क्षेत्र के स्कूली बच्चों एवं नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान नगर की दीवारें बच्चों की रंग-बिरंगी कल्पनाओं और सामाजिक संदेशों से जीवंत हो उठीं।
प्रतियोगिता में पहली कक्षा से लेकर 12वीं तक के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। किसी बच्चे ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पेड़-पौधों और प्रकृति का चित्र उकेरा, तो किसी ने स्वच्छ भारत अभियान को ध्यान में रखते हुए कचरे को डस्टबिन में डालने एवं शौचालय उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक किया। कई बच्चों ने छत्तीसगढ़ महतारी की आकर्षक तस्वीर बनाकर देशभक्ति की भावना प्रदर्शित की, वहीं यातायात नियमों का पालन करने संबंधी चित्रों के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश भी दिया गया।नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा बनाई गई बार्बी डॉल, छोटा भीम एवं अन्य रचनात्मक चित्र लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। प्रतियोगिता को देखने पहुंचे नगरवासियों एवं जनप्रतिनिधियों ने बच्चों की कल्पनाशीलता और कला कौशल की जमकर सराहना की।कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, पार्षद चेलेश्वरी साहू एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी यशवंत वर्मा उप अभियंता प्रमेश ध्रुव स्वच्छता निरीक्षक दुर्गेश साहू गणेश राम पांडे पुष्कर पाटील विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम कु. कोनिका साहू एवं किरण साहू डोंगरडुला तथा द्वितीय स्थान पर कु. भुमिका साहू नगरी तृतीय स्थान पर कु. मोक्षा साहू नगरी स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि बच्चों में अपार प्रतिभा होती है, आवश्यकता केवल उन्हें सही मंच और प्रोत्साहन देने की होती है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी नगर पंचायत द्वारा इस प्रकार के रचनात्मक एवं प्रेरणादायी आयोजनों का आयोजन लगातार किया जाएगा, ताकि बच्चों की छुपी हुई प्रतिभा निखरकर सामने आ सके।उन्होंने बताया कि धमतरी जिले के कलेक्टर अविनाश मिश्रा की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में इस कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों ने नगर पंचायत की इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!