नपं. अध्यक्ष ज्योति हरख जैन, उपाध्यक्ष विष्णु साहू व जल विभाग सभापति हितेंद्र साहू ने की जल संरक्षण व स्वच्छता जागरूकता की अपील
नगर पंचायत भखारा भठेली में चलेगा हमर नगर हमर जिम्मेदारी कैंपेन

भखारा। नगर पंचायत भखारा भठेली के अध्यक्ष ज्योति हरख जैन उपाध्यक्ष विष्णु साहू एवं जल विभाग सभापति हितेंद्र साहू ने नगर वासियों से जल संरक्षण की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि खुले नलों में टोटी लगाएं और व्यर्थ पानी बहने से रोकें। यह कदम जल संकट की चुनौती से निपटने और भविष्य में पानी की उपलब्धता बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है।
हमर नगर हमर जिम्मेदारी कैंपेन से परिवर्तन की उम्मीद
जल की हर बूंद अनमोल है। हमें अपने घरों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों पर पानी की बर्बादी रोकने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे। खासकर खुले नलों में टोटी लगवाने से काफी मात्रा में पानी बचाया जा सकता है। जो टोटी लगी है उसे सुरक्षित लगा रहने दें।कई जगहों में पाइपलाइनों से बहता पानी व्यर्थ चला जाता है, जिससे जल संकट की समस्या और गंभीर हो जाती है। हमर नगर हमर जिम्मेदारी के तहत यहां के नागरिकों को जल संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। अपनी भागीदारी निभानी होगी।अगर हर व्यक्ति थोड़ी सावधानी बरते और पानी बचाने की आदत डाल ले, तो आने वाली पीढिय़ों को पानी की किल्लत नहीं झेलनी पड़ेगी। उन्होंने जल विभाग के कर्मचारियों की सराहना की और आमजन से इसमें सहयोग करने की अपील की।
स्कूल कॉलेज के बच्चों की भी भागीदारी होगी
जल विभाग सभापति ने बताया कि जल्द ही बूंद-बूंद की बचत, कल की राहत अभियान शुरू करेगा, जिसके तहत नागरिकों को जल संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा। इस अभियान में सामाजिक संगठनों, समाज और बस्ती पंचायत की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) को अपनाएं। पौधों में पाइप के बजाय बकेट से पानी दें ताकि जल की बर्बादी कम हो। बच्चों को पानी बचाने की आदत डालें और आस-पड़ोस में भी जागरूकता फैलाएं। जनप्रतिनिधियों का यह कदम शहरवासियों को जल संकट से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
स्वच्छता का संकल्प लें
अपील की गई कि सूखा गीला कचरा अलग कर नियत स्थान पर कूड़ेदान में फेंके। नाली में कचरा प्लास्टिक झिल्ली आदि ना डालें जिससे नाली निकास में अवरोध नहीं होगा। डस्टबिन का उपयोग करें। स्वच्छता को अनिवार्य आदत बनाने का कष्ट करें। इस दिशा में पहल करने वालों का सम्मान भी होगा।
भखारा नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने सड़क सुरक्षा हेतु लिखा पत्र
नगर पंचायत अध्यक्ष भखारा भठेली ज्योति हरख जैन ने सड़क मार्ग में सुरक्षा को ध्यान रख गाडिय़ों की गति पर अंकुश लगाने पी डब्लू डी व ए डी बी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर को पत्र लिखकर एवं दूरभाष पर चर्चा कर नगर सीमा के विभिन्न स्थानों के ब्रेकर्स पास रिफ्लेक्टर, रेडियम, साइन बोर्ड लगाने को कहा है। जिससे अनियंत्रित गति पर कुछ अंकुश लग सके। उल्लेखनीय है कि ब्रेकर्स पास साइन बोर्ड का अभाव है,रेडियम क्लियर नहीं हैं और रिफ्लेक्टर डैमेज हो गए हैं। जिससे राहगीरों, छोटी गाडिय़ों की सुरक्षा को खतरा है।वहीं स्कूल कॉलेज के बच्चों का आवागमन भी रहता है।

