क्षेत्र में पेयजल संकट के स्थायी समाधान हेतु जिपं सभापति मोनिका देवांगन ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव से की मुलाकात

धमतरी। जिला पंचायत धमतरी की सभापति (स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, महिला एवं बाल विकास विभाग) तथा भाजपा गंगरेल मंडल अध्यक्ष श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन ने उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग मंत्री अरुण साव से उनके नवा रायपुर स्थित निवास पर सौजन्य भेंट कर धमतरी विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में व्याप्त पेयजल एवं निस्तारी समस्या के स्थायी समाधान के संबंध में विस्तृत चर्चा की तथा मांग पत्र सौंपा। श्रीमती देवांगन ने उपमुख्यमंत्री श्री साव को अवगत कराया कि धमतरी विकासखंड के अंतर्गत आने वाले लगभग 88 ग्रामों में वर्तमान समय में पेयजल संकट गंभीर रूप धारण कर चुका है। विशेष रूप से बरारी, भोयना, बेंद्रानवागांव, भटगांव, रुद्री बोरिदखुर्द ,कसावाही तथा गंगरेल बांध के आसपास स्थित ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्रोतों की उपलब्धता के बावजूद लगातार गिरते भूजल स्तर के कारण ग्रामीणों को पेयजल एवं निस्तारी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग पत्र के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों में बहुप्रतीक्षित रुद्री समूह जल प्रदाय योजना को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने तथा आवश्यक वित्तीय एवं प्रशासनिक प्रक्रियाएं प्रारंभ करने का आग्रह किया। श्रीमती देवांगन ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना के क्रियान्वयन से हजारों ग्रामीणों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध हो सकेगा तथा क्षेत्र की वर्षों पुरानी जल समस्या का स्थायी समाधान संभव हो पाएगा. उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने श्रीमती मोनिका देवांगन द्वारा प्रस्तुत मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि रुद्री समूह जल प्रदाय योजना को आगामी वित्तीय वर्ष में शामिल करने तथा इसके क्रियान्वयन हेतु आवश्यक पहल की जाएगी। इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री हेमंत चंद्राकर, पूर्व मंडल अध्यक्ष गंगरेल ऋषभ देवांगन, बूथ अध्यक्ष अछोटा गिरधारी लाल देवांगन तथा सक्रिय कार्यकर्ता वीरेंद्र देवांगन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।