धमतरी की बेटियों के लिए सुनहरा अवसर: 30 हजार रुपये वार्षिक अज़ीम प्रेमजी छात्रवृत्ति हेतु 10 अगस्त से आवेदन
पिछले वर्ष जिले की 827 छात्राओं को मिला 2.48 करोड़ रुपये का लाभ, इस वर्ष अधिकतम पात्र छात्राओं तक पहुंचाने की तैयारी

धमतरी- उच्च शिक्षा प्राप्त करने की इच्छुक छात्राओं के लिए अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा संचालित वार्षिक छात्रवृत्ति योजना एक महत्वपूर्ण अवसर लेकर आई है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति पोर्टल का प्रथम चरण 10 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक खुला रहेगा। जिला प्रशासन तथा उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जिले के सभी शासकीय एवं पात्र निजी महाविद्यालयों के सहयोग से अधिकतम पात्र छात्राओं को इस योजना का लाभ दिलाने के लिए व्यापक स्तर पर समन्वय किया जाएगा।
यह छात्रवृत्ति उन छात्राओं के लिए है जिन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं दोनों परीक्षाएं पात्र 19 राज्यों एवं 2 केंद्रशासित प्रदेशों के शासकीय विद्यालय अथवा महाविद्यालय से नियमित छात्रा के रूप में उत्तीर्ण की हों तथा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में भारत के किसी भी राज्य या केंद्रशासित प्रदेश के मान्यता प्राप्त शासकीय अथवा विश्वसनीय एवं प्रामाणिक निजी महाविद्यालय अथवा विश्वविद्यालय में 2 से 5 वर्ष अवधि के स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में नियमित प्रवेश लिया हो। पात्र छात्राओं को प्रतिवर्ष 30 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जिससे उनकी उच्च शिक्षा की राह और अधिक सुगम हो सके।
धमतरी जिले के लिए यह योजना पहले ही उल्लेखनीय परिणाम दे चुकी है। गत शैक्षणिक सत्र में जिले के 22 महाविद्यालयों की 827 छात्राओं को इस योजना के अंतर्गत कुल 2 करोड़ 48 लाख रुपये की छात्रवृत्ति राशि प्रदान की गई। इस आर्थिक सहयोग से अनेक छात्राओं को उच्च शिक्षा जारी रखने, अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिला।
जिला प्रशासन ने सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं संबंधित अधिकारियों से पात्र छात्राओं की समय पर पहचान कर उन्हें आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान करने तथा निर्धारित अवधि के भीतर शत-प्रतिशत पात्र छात्राओं के आवेदन सुनिश्चित करने की अपील की है। छात्राओं और अभिभावकों से भी आग्रह किया गया है कि वे आवेदन की अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करते हुए समय रहते आवश्यक दस्तावेज तैयार कर आवेदन करें।
योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए अज़ीम प्रेमजी छात्रवृत्ति व्हाट्सऐप हेल्पलाइन +91 90199 60536 पर संपर्क किया जा सकता है। आवेदन का दूसरा चरण 10 जनवरी 2027 से 31 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा।